Today Breaking News

निसंतान दंपत्ति को 2 लाख रुपए में बेचा बच्चा, दो बहनें चला रही थीं बच्चा चोरी गिरोह

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मेरठ. मेरठ में शुक्रवार को लालकुर्ती थाना क्षेत्र के रजबन बाजार से चोरी हुआ बच्चा मुजफ्फरनगर से बरामद हुआ है। वहीं पुलिस ने बच्चा चुराने वाली मुख्य आरोपी राधिका के साथ उसकी बहन को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों बहनें मिलकर बच्चा चोरी गैंग चलाती हैं। दोनों बहनें मिलकर इस 2 महीने के बच्चे का सौदा तय कर चुकी थीं। दिल्ली के किसी निसंतान दंपत्ति को ये बच्चा बेचने वाली थी। अगर पुलिस न पकड़ती तो अब तक वो बच्चे को दिल्ली के दंपत्ति के सुपुर्द कर देती।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी मीनू उर्फ राधा जो मेरठ से सहेली अंकिता का बच्चा चुराकर रजबन से भागी थी उसने पूरी कहानी बताई। बताया कि अंकिता पत्नी अमित चकवाली थाना गंगोह सहारनपुर की रहने वाली है। उसकी भाभी नीतू जो मेरठ रजबन में रहती है उससे मेरी दोस्ती है। नीतू के कारण ही 5 साल पहले मेरी अंकिता से भी दोस्ती हो गई। मेरा मेरठ रजबन में इनके घर आनाजाना हो गया। मेरी कभी कभी अंकिता से बातचीत होती थी।

गुरुवार को भी मैंने अंकिता से बात की तो पता चला वो मेरठ मायके आई है। उसके साथ उसका 2 महीने का बच्चा भी है। इसके बाद मैं मेरठ पहुंची। यहां शुक्रवार को अंकिता को सूट और बच्चे के कपड़े दिलाने के बहाने बाजार ले गई। वहां से मैंने अंकिता को बातों में बहलाकर बच्चा ले लिया। बच्चा चुराकर वहां से बस से अपनी बहन के घर मुजफ्फरनगर आ गई।
बच्चे को अंकिता से चुराकर भागने वाली मुख्य आरोपी राधिका उर्फ मीनू है
मीनू ने बताया कि ये बच्चा उसने दिल्ली के एक निसंतान दंपत्ति को 2 लाख रुपयों में बेचने के लिए चुराया था। मीनू के पति का नाम कुलदीप है। मीनू राजूपुर थाना देवबंद सहारनपुर की रहने वाली है। पुलिस ने बच्चा चोरी में शामिल मीनू की बहन अनीता को भी गिरफ्तार किया है। अनीता के पति का नाम प्रदीप है जो रामपुरी थाना सिविल लाइन मुजफ्फरनगर का रहने वाला है।

मेरठ लालकुर्ती पुलिस को जब दिनदहाड़े बच्चा चोरी की शिकायत मिली तो हड़कंप मच गया। थाना पुलिस से लेकर एसपी सिटी, क्राइम ब्रांच सभी एक्टिव होकर बच्चे की तलाश में जुट गए। आरोपी महिला के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया गया तो उसकी लोकेशन मुजफ्फरनगर सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मिली थी। इसके बाद मुजफ्फरनगर सिविल लाइन थाना पुलिस से संपर्क कर सारी घटना बताई गई। मुजफ्फरनगर सिविल लाइन थाना पुलिस एक्टिव हुई और बच्चे की तलाश में जुट गई, तब तक मेरठ थाना पुलिस भी मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गई।
दो महीने के नवजात तनुज का तय कर दिया था 2 लाख रुपए में सौदा
मुजफ्फरनगर पुलिस को मीनू की लोकेशन मुजफ्फरनगर कचहरी में मिली। जहां पहुंचकर पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। लेकिन मीनू के पास बच्चा नहीं था तब पुलिस ने मीनू से बच्चे के बारे में पूछा, तो पहले वो टालमटोल करती रही। काफी देर बाद उसने बताया कि बच्चा उसने अपनी बहन अनीता को दे दिया है। जो यहीं मुजफ्फरनगर में रहती है। बच्चा बहन के घर उत्तरी रामपुर में है। बताया कि बहन अनीता भी बच्चा चोरी की योजना में शामिल थी। इसके बाद पुलिस अनीता के घर पहुंची जहां से अनीता और चोरी किए बच्च्े को पुलिस ने बरामद किया। दोनों के खिलाफ लालकुर्ती थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस मेरठ लालकुर्ती थाना ले आई। जहां दोनों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। वहीं बच्चे को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।

मुजफ्फरनगर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो महीने के नवजात तनुज को सकुशल बरामद किया। वहीं दोनों आरोपियों को भी पकड़ा। SSP मुजफ्फरनगर की तरफ से टीम को अच्छे काम के लिए 10 हजार रुपए का नगद इनाम भी दिया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से और पूछताछ कर रही है, ताकि उनके गिरोह की ओर जानकारी हासिल कर सके।

'