Today Breaking News

घर से दौड़कर सीधे कुएं में कूदी पत्नी, बचाने आए पति की भी मौत, बिखल रहीं 7 बेटियां

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. प्रयागराज में रविवार रात कुएं में गिरकर पति और पत्नी दोनों की मौत हो गई। दरअसल, दोनों में किसी बात पर लड़ाई हो गई। पत्नी दौड़कर कुएं के पास गई। वहां से छलांग लगा दी। पीछे से पति आया और बचाने के लिए वो भी कूद गया। आवाज सुनकर ग्रामीण आए। लेकिन, तब तक दोनों की डूबकर मौत हो गई।
ये मामला गंगापार के हंडिया इलाके का है। दुलापुर गांव का रहने वाला लवकुश विश्ववकर्मा (34) गांव में रहकर बढ़ई का काम करता था। उसकी शादी भदोही में सुरियावां के कंजिया की रहने वाली पिंकी (32) से हुई थी। उनकी 7 बेटियां हैं।

लवकुश और उसकी पत्नी पिंकी में झगड़ा होता रहा था। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों भोर तक झगड़ा करते रहे। कहासुनी बढ़ी, तो पिंकी आत्महत्या करने के लिए घर के पास बने कुएं की तरफ दौड़ी।

लवकुश उसे बचाने के लिए पीछे पीछे दौड़ा। कुएं की जगत पर चढ़कर पिंकी ने छलांग लगा दी। बदहवास लवकुश उसे बचाने के लिए कुएं में कूद पड़ा। कुएं में गिरने से दोनों की मौत हो गई। घटना से गांव में हंगामा मच गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। शवों को कुएं से निकलवाया गया।

लवकुश के सात बेटियां हैं। सबसे छोटी बेटी तीन माह और बड़ी बेटी 11 साल की है। सातों बेटियों के सिर से एक झटके में माता-पिता का साया उठ गया। उसकी बूढ़ी मां सोना देवी का रो रोकर बुरा हाल है। लवकुश दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई राजा मुंबई में फर्नीचर बनाने का कार्य करता है।
'