Today Breaking News

सूरज पर किसी देश का झंडा लहराएगा तो वह भारत का होगा - मनोज सिन्हा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर नगर के माई जी कुटिया परिसर में रविवार की शाम जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दर्शन पूजन किया। कुटिया समिति और सभासदों ने उपराज्यपाल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान एलजी सिन्हा ने कहा कि सूरज पर किसी देश का झंडा लहराएगा तो वह भारत का होगा। भारत 2014 में 11वीं और अब 5वीं बड़ी वैश्विक अर्थव्यस्था बना है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि उन्हें ऐसी जिम्मेदारी मिली है, जिसे गाजीपुर के लोगों से उनकी दूरी बढ़ी है लेकिन, दिल की दूरी नहीं बढ़ी है।
श्रीनगर में लोकसभा चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण हुए हैं। चार सालों में जम्मू-कश्मीर के लोगों ने बड़ा बदलाव देखा है। पिछले कुछ सालों में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। लोगों को चाहिए की वह बदलाव को समझें और नजर रखें। पूरी दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। दो युद्ध दुनिया में हो रहे हैं। इसका समाधान भारत ही निकाल सकता है। विश्व में भारत की स्वीकार्यता बढ़ी है। अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने देश का मान बढ़ाया है। सूरज पर किसी देश का झंडा लहराएगा तो वह भारत का होगा। भारत 2014 में 11वीं और अब 5वीं बड़ी वैश्विक अर्थव्यस्था बना है।

उन्होंने कहा कि भारत में बड़े शिक्षण संस्थान हैं। भारत में जो क्षमता है, वह किसी देश में नहीं है। साल 2025 तक हर घर में शुद्ध पानी पहुंचेगा। देश को सही दिशा में ले जाने वालों को ताकत मिले। इसमें आम लोग सहयोगी बने। कार्यक्रम के दौरान एलजी सिन्हा ने सीबीएसई 10वीं के टॉपर अभिनव वर्मा को सम्मानित किया। बता दें कि एलजी सिन्हा गाजीपुर की मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुरा गांव के मूल निवासी हैं। शनिवार को गाजीपुर आए प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए अपने भाषण में मनोज सिन्हा के कार्यों का जिक्र किया था। पीएम मोदी ने मनोज सिन्हा के जम्मू कश्मीर में उपराज्यपाल के तौर पर किए कार्यों की सराहना की थी।
'