Today Breaking News

गाजीपुर जिले में दर्जनों घरों में लगी आग, गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के रेवतीपुर गांव के बहोरिक राय पट्टी के पानी टंकी के समीप‌ यादव बस्ती में मंगलवार की दोपहर करीब ढाई बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिसके चलते आठ लोगों की अठारह आवासीय झोपड़ी, दो बाइक, कई कुंतल खाद्यान्न, जानवरों का चारा, कपडा, कागजात आदि सब जलकर राख हो गया।
साथ ही इस आग में दो जानवर भी गंम्भीर रूप से झुलस गए। आग लगने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। खुद निजी संसाधनों के सहारे आग पर काबू पाने में जुट गए। समय पर पहुंची दमकल की टीम ने बाद में ग्रामीणों की मदद से आग पर करीब दो घंटे बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सब कुछ आग की भेंट चढ चुका था।

ग्रामीणों ‌व पीड़ितों ने बताया कि इस आग की घटना के कारण सभी पीड़ितों को मिलाकर करीब चार लाख से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा है। इस घट‌ना की सूच‌ना पर पहुंचे लेखपाल ने नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दिया। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग किया कि पीड़ितों को जल्द सहायता उपलब्ध कराया जाए।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान समय में गेहूं कटाई का समय है। इस कारण बस्ती के लोग खेत में परिजनों समेत काम करने गए थे। इसी दौरान बस्ती से अचानक धुएं का गुब्बार उठने लगा। लोग कुछ समझ पाते इसके पहले ही झोपड़ियां आग का गोला बन गई।

बताया कि इस अग लगने से परमहंस यादव की चार झोपड़ी, 25 कुंतल खाद्यान्न एक जानवर जबकि सतिराम उर्फ बिजली यादव का दो झोपड़ी, एक बाइक, 20 कुंतल खाद्यान्न, इसी तरह पिंटू यादव की दो झोपड़ी, पतिराज दो झोपड़ी एक बाइक,कृष्णा देवी दो झोपड़ी, मंगरू दो झोपड़ी जबकि राजेश यादव की दो झोपड़ियां जलकर राख होने के साथ ही अन्य सभी घर गृहस्थी का समान जल गया।

एसडीएम संजय यादव ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। लेखपाल मौके पर गए हैं। उनकी रिपोर्ट मिलते ही पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराया जाएगा।
'