Today Breaking News

स्टेशन मास्टर लड़कियों को भेजता था अश्लील मैसेज, रेलवे ने नौकरी से किया बर्खास्त

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बरेली. लड़कियों को अश्लील मैसेज भेजने वाले स्टेशन मास्टर विपिन सोलंकी पर लगे आरोप सही पाए गए। जिसके चलते उन्हें इज्जतनगर रेल मंडल सीनियर डीओएम ने नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। वह पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर रेल मंडल के पूरनपुर स्टेशन पर तैनात थे। कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल की गई। एक साल जांच के बाद कार्रवाई पूरी हुई।
जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल राजेंद्र सिंह ने बताया स्टेशन मास्टर विपिन सोलंकी के खिलाफ महिला उत्पीड़न की शिकायत थी। इसकी जांच महिला कमेटी से कराई गई थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पूरनपुर के स्टेशन मास्टर विपिन सोलंकी को रिमूव फ्राम सर्विस किया गया है।

लड़कियों को अश्लील मैसेज भेजने की शिकायत जुलाई 2023 में डीआरएम रेखा यादव से की गई थी। लगभग एक साल पहले पूर्वोत्तर रेलवे स्काउट एंड गाइड का कैंप काठगोदाम गया था, जिसमें पुरुष-महिलाएं शामिल हुई थीं। उस समय जिला सचिव पद पर कार्यरत विपिन सोलंकी (स्टेशन मास्टर) पर दो लड़कियों ने उत्पीड़न का आरोप लगाया था। लड़कियों को मोबाइल पर अश्लील काल और मैसेज भेजने का भी आरोप था।
डीआरएम ने जांच महिला कमेटी को दी थी। कमेटी में सुप्रीम कोर्ट की एक महिला अधिवक्ता भी शामिल थीं। मामले की लंबी जांच चली। विपिन सोलंकी को जिला सचिव के पद से हटा दिया गया था। भोजीपुरा से पूरनपुर तबादला कर दिया गया था। जांच कमेटी ने पीड़िता के साथ-साथ कैंप में गईं कई अन्य लड़कियों के भी बयान दर्ज किए गए। कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल के बाद महिला कमेटी ने विपिन सोलंकी पर लगे आरोप सही पाए। कमेटी ने जांच रिपोर्ट डीआरएम को दी। डीआरएम के आदेश पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ने पूरनपुर में तैनात स्टेशन मास्टर विपिन सोलंकी को रिमूव फ्राम सर्विस (नौकरी से बर्खास्त) कर दिया।
'