Today Breaking News

धनंजय सिंह बोले- मुहम्मदाबाद में ऐसा था आतंक कि चुनाव हरा देने वाले की कर दी जाती थी हत्या

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. लोकसभा सीट बलिया में भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर के समर्थन में जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने मुहम्मदाबाद नगर में मतदाताओं से जनसंपर्क किया। जहां उन्होंने नुक्कड़ सभा के माध्यम से बीजेपी को वोट करने का आह्वान किया।
इस मौके पर धनंजय सिंह ने अकटहिया में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था कि वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में यहां जमकर खून खराबा हुआ और गोलियां चली। उस चुनाव में कई लोगों को गोलियां लगी और कई लोगों की जान गई, लेकिन आपकी मेहनत और संघर्ष का परिणाम रहा वर्ष 2014 में आपने भाजपा का सांसद चुना और केंद्र में मोदी जी की सरकार बनी।

आगे कहा कि धीरे-धीरे इस सरकार ने अत्याचार के खिलाफ लड़ते-लड़ते आज यहां से अत्याचार और दुराचार को समाप्त कर दिया है। कहा कि आप समाज के हित के लिए अपने संघर्ष को बनाए रखिए। लोकतंत्र में चुनाव लड़ना जीतना और हारना एक स्वतंत्रता है। लोकतंत्र में इसलिए किसी की हत्या कर दी जाए कि वह चुनाव जीत गया।

धनंजय सिंह ने कहा कि हम लोग भी चुनाव लड़ते हैं, जीतते-हारते हैं, लेकिन एक-दूसरे से मिलकर बधाई भी देते हैं। यही एक स्वस्थ लोकतंत्र की परिकल्पना है। हमारा देश इसीलिए विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र माना गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आप पूरे मनोयोग से जुट जाएं और इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी नीरज शेखर को भारी अंतर से जीत दर्ज कराकर संसद में भेजने का कार्य करें, ताकि इस इलाके का विकास हो सके और माफियाओं का समूल नष्ट हो।

'