Today Breaking News

रिटायर्ड फौजी को बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने मारी गोली, मौके से हुए फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ के मधुबन में बाइक सवार बदमाशों ने एक रिटायर फौजी को गोली मार दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव भेजवाया। जहां इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना मधुबन थाना क्षेत्र के मधुबन-दोहरीघाट मार्ग पर कटघरा महलू के पास की है।
घायल फौजी मधुबन स्थित एसबीआई बैंक की शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत है। घटना सोमवार सुबह 9.30 बजे की है। रिटायर फौजी सुबह मोटरसाइकिल से बैंक को जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक ही बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे गोली मार दी। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूर्यनाथ यादव (54) पुत्र राम किशुन यादव निवासी रसूलपुर थाना दोहरीघाट अपनी बाइक से अपने घर से मधुबन को जा रहे थे। कटघरा महलू के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। जिसके बाद सूर्यनाथ बाइक से जमीन पर गिर पड़े। सडक से गुजर रहे लोगों ने घायल को देख पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एम्बुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी फतेहपुर मंडाव भेजवाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद घायल को इलाज के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि रिटायर्ड फौजी ने तीन शादियां की थी। उसका अपनी एक पत्नी से विवाद भी चल रहा था। ऐसे में माना जा रहा है कि घटना का कारण घरेलु विवाद भी हो सकता है। वैसे पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।

मधुबन सीओ अभय कुमार सिंह ने कहा कि तीन बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति को गोली मारे जाने की सूचना मिली है। घायल को इलाज के लिए भेजवाया गया है। आरोपी बदमाशों के धर पकड़ के लिए कवायद तेज कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। इस मामले में कड़ी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
'