Today Breaking News

चुनाव पर है विदेशी ताकतों की नजर, विरोधियों के पास नहीं है कोई मुद्दा - अनिल राजभर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मंगलवार को सैदपुर स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय पर विधानसभा के पार्टी बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा यह चुनाव प्रदेश और देश का नहीं है, बल्कि यह दुनिया का सबसे बड़ा चुनावी संग्राम है। विश्व के तमाम देशों की निगाहें इस चुनाव पर लगी है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि देश विरोधी ताकते इस चुनाव पर नजर गड़ाये हुए हैं। खासतौर से चीन और पाकिस्तान के लोग अभी से भाजपा विरोधी राग अलाप रहे हैं। भाजपा विरोधी दलों के पास कोई चुनावी मुद्दा नहीं है। ऐसे में वह अनर्गल प्रलाप कर, लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं। ऐसे में भाजपा से जु़ड़े कार्यकर्ताओं को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। 

असली लड़ाई चुनाव के दिन बूथों पर होती है। सारा परिणाम बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए संघर्षो पर निर्भर करता है। बूथ स्तर तथा शक्ति केंद्रों से जुड़े कार्यकर्ता अपने उत्साह का प्रदर्शन करते हुए, मतदाताओं से संपर्क बनाए रखें। उनसे संपर्क साध कर, उन्हें पार्टी की रीति नीति से अवगत करायें। अधिक से अधिक मतदान कराने में अपनी पूरी ताकत लगा दें।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने कार्यकर्ताओं को उनके दायित्व और चुनाव के समय में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। सम्मेलन को लोकसभा प्रभारी आर पी कुशवाहा, जिला अध्यक्ष सुनील सिंह, लोकसभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय, भानु प्रताप सिंह ने संबोधित किया।
'