Today Breaking News

बलिया में अखिलेश यादव के मंच तक पहुंचा युवक, कमांडो ने फुर्ती से पकड़कर नीचे गिराया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. बलिया में अखिलेश यादव के मंच तक पहुंचने के लिए एक युवक ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। वह अचानक मंच की तरफ भागा और जंप लगाकर ऊपर चढ़ने लगा। नीचे खड़ा कमांडो उसकी तरफ दौड़ा और पलक झपकते ही पकड़कर नीचे गिरा दिया। कमांडो ने पकड़ा तो युवक जिंदाबाद के नारे लगाने लगा।
इस घटनाक्रम से वहां हड़कंप मच गया। किसी को कुछ समझ नहीं आया। तभी पुलिसकर्मी वहां आए और युवक को सुरक्षा घेरे के बाहर किया। युवक कौन था, यह पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है, वह सपा समर्थक था।

अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- मैं आपसे समर्थन और सहयोग मांगने आया हूं। 10 साल से भाजपा सरकार ने हमें और आप सभी को धोखा दिया है। अगर हम 10 साल पीछे मुड़कर देखेंगे तो इन भाजपा वालों की हर बात झूठी निकलेगी।

देश के यही प्रधानमंत्री कहते थे, अगर हम सत्ता में आएंगे तो किसानों की आय दोगुनी कर देंगे। आज डीजल-पेट्रोल तो महंगा हुआ ही, बीज-कीटनाशक दवाइयां, खाद भी महंगी कर दी। इन्होंने खाद की बोरी से चोरी भी शुरू कर दी। भाजपा ने बड़े-बड़े उद्योगपतियों का 25 लाख करोड़ से ज्यादा कर्ज माफ किया। हम अपने किसान भाइयों का कर्ज माफ करेंगे।

उन्होंने कहा- इस सरकार में युवा नौकरी ढूंढ रहे थे। उन्हें भरोसा था, डबल इंजन की सरकार उनके लिए रोजगार का इंतजाम करेगी। हमारे नौजवानों ने तैयारी कर करके परीक्षा दी। बाद में पता लगा पेपर लीक हो गया। अभी तक 10 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। गरीब पर अन्याय करने के लिए बुलडोजर चला देते हैं, लेकिन पेपर लीक करने वालों के लिए बुलडोजर नहीं निकला।

अखिलेश ने कहा- इस बार संविधान बदलने वालों को जनता बदल देगी। जब किसी का आत्मविश्वास लड़खड़ाता है तो जबान भी लड़खड़ा जाती है। इसीलिए दिल्ली वाले पता नहीं क्या-क्या बोलने लगे हैं। जब सातवें चरण का चुनाव होगा, भाजपा वाले सात समुंदर दूर दिखाई देंगे।

सपा और कांग्रेस गठबंधन ने तय किया है कि आने वाले समय में सरकार बनेगी, तो गरीबों के लिए राशन देंगे। साथ में डाटा भी देंगे। हम नौजवानों को पक्की नौकरी दिलाने का काम करेंगे।
'