Today Breaking News

अखिलेश यादव बोले- भाजपा ऐसा लड़खड़ाई कि छड़ी भी नहीं संभाल पा रही

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. अखिलेश यादव ने गुरुवार को महाराजगंज और मऊ के घोसी में रैली की। मऊ में अखिलेश यादव हेलीकाप्टर से नीचे उतरे तभी एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए बैरिकेडिंग लांघ गया। वह अखिलेश के पास पहुंच गया।

सुरक्षा में लगे पुलिस वालों ने दौड़कर युवक को पकड़ा और वहां से दूर हटाया। मौके पर पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है। धूप में लोग यहां आए हैं। यह समर्थन यह बता रहा है कि इस बार बदलाव आने वाला है।

उन्होंने कहा- इतनी भीड़ देखकर विरोधी लड़खड़ाने लगे हैं। मंच से कुछ भी अनाप-शनाप बोल रहे हैं। ऐसे लड़खड़ाए हैं कि उन्हें छड़ी भी नहीं बचा पा रही है। दरअसल छड़ी सुभासपा का चुनाव-चिन्ह है। सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर के बेटे अरविंद घोसी से एनडीए कैंडिडेट हैं।

अखिलेश यादव महाराजगंज में इंडी गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी वीरेन्द्र चौधरी और मऊ में सपा प्रत्याशी राजीव राय के समर्थन में सभा करने पहुंचे थे। अखिलेश यादव बोले बीजेपी ने किसानों और नौजवानों को धोखा दिया है। उन्होंने किसानों और नौजवानों के लिए कुछ नहीं किया। माताओं बहनों के लिए कुछ नहीं किया। हमारी सरकार आते ही हम नौकरी देने और मानदेय बढ़ाने का काम करेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा - 'इलेक्टोरल बॉन्ड से बीजेपी वालों का बैंड बज गया है। इन्होंने बड़े-बड़े लोगों को नहीं छोड़ा, इन्होंने वैक्सीन वालों से भी वसूली कर ली। सुनने में आया जिन्होंने वैक्सीन लगवा ली है उन्हें बीमारी होने जा रही है।'

समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राजीव राय के बारे में परिचय देने की जरूरत नहीं है। राजीव राय लगातार आपके बीच में रहकर के सेवा करते रहे हैं। हमारे गोपालगंज के मजदूर जो फंसे हुए थे मलेशिया में। उन मजदूरों के बारे में याद होगा, जब सरकार ने हाथ खड़े कर दिए। बीजेपी वालों ने हाथ खड़े कर लिए, तब कोई मदद करने के लिए तैयार नहीं हुआ। राजीव राय ने मदद करने का काम किया था।

अखिलेश ने कहा 1 तारीख को कोई भी रोके लेकिन आप लोग बूथ तक जरूर जाइएगा। आप लोग याद रखना है यह वैक्सीन लगवा करके हमारे आपकी जान के पीछे पड़े हैं। यह 400 का नारा देकर संविधान के पीछे पड़े हैं। जहां यह चुनाव हमारे आपके भविष्य का है। वहीं यह चुनाव आने वाली पीढ़ी की भविष्य का भी है। संविधान बढ़ाने का भी है, तो आप लोगों को संविधान बचाना है।

अखिलेश बोले- इस चुनाव में आप लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। समाजवादियों ने बहुत काम किए थे। आपको याद होगा जहां किसानों को सुविधा दी थी वहीं हमारे बुनकर भाई भी जानते होंगे कि जब सरकार में नेताजी ने और समाजवादियों ने उनको बहुत सुविधा दी थी। उन्हें फ्लैट रेट पर बिजली मिलती थी।

अखिलेश यादव ने कहा इस बार भाजपा ने किसानों को धोखा दिया। नौजवानों को धोखा दिया। हमारी माताएं बहनों को धोखा दिया है। इन पर यह तीनों लोग मिलकर त्रिकोणीय वार करने जा रहे हैं, जिससे भाजपा इस बार चुनाव हारने जा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि मोदी अभी M शब्द से उभरे भी नहीं थे, तब तक महात्मा गांधी जी को याद करने लगे हैं। अब सुनने में आया है कि उन्हें परिणाम पहले ही पता लग गया है तो तपस्या करने कहीं पहुंच गए हैं।

अखिलेश ने कहा- पता नहीं क्यों जितने भी M से शब्द आते हैं, उनके पीछे बीजेपी पड़ी हुई है। महाराजगंज की शुरुआत भी M से होती है। यहां के लोग बीजेपी को सबक सिखाने का काम करेंगे।

दिल्ली वालों की भाषा बदल गई है। जो साथी प्रधान सांसद का भाषण सुन रहे होंगे, वे जान रहे होंगे कि पता नहीं क्यों वे एम शब्द के पीछे पड़ गए हैं? कभी उन्होंने मीट को लेकर कुछ कहा, मच्छी को लेकर के कुछ कहा और जब उन्हें कुछ होश नहीं रहा तो वह मुजरे तक पहुंच गए।

'