Today Breaking News

सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग नफरत की राजनीति कर मांग रहे वोट - ओमप्रकाश राजभर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ की घोसी लोकसभा सीट पर अब चुनाव काफी दिलचस्प होता जा रहा है। घोसी लोकसभा चुनाव में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ओपी राजभर अपने बेटे अरविंद राजभर और अपनी पार्टी के इकलौती सीट बचाने के लिए विपक्ष पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।
इसी दौरान नगर क्षेत्र में रविवार की देर शाम एक जन चौपाल का आयोजन किया गया। जहां शिक्षा के नाम पर एवं स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री ओम प्रकाश राजभर पहुंचे। जहां विपक्ष पर जमकर हमला बोला। टीचर्स एसोसिएशन मदारिस अरबिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ मंत्री ओपी राजभर को सुनने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे थे।

इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए ओपी राजभर ने अपने पुराने अंदाज में विपक्ष पर हमला किया। मंत्री ने कहा कि सरकार के माध्यम से आवास और शौचालय बंट रहा है। इसमें कोई जाति बंधन और धर्म बंधन नहीं किया जा रहा है। सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग नफरत दिखा कर के सिर्फ वोट लेने का काम कर रहे हैं। इसीलिए वह सिर्फ सही बात बोलता हैं, लेकिन उससे भी कुछ लोगों को बुरा लग जाता है।

2022 विधानसभा चुनाव में सदर विधानसभा से सुभासपा प्रत्याशी रहे अब्बास अंसारी का बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जिस छड़ी के निशान पर आपने वोट दिया था। इस बार भी उसी छड़ी के निशान पर वोट देने का काम करना है। गांधी जी ने छड़ी उठाया तो देश को आजाद कर दिया था। यह ओम प्रकाश राजभर की छड़ी है, इससे गरीबों का कल्याण होगा। उन्होंने आगे बताया कि यहां घोसी में सिर्फ डॉ. अरविंद राजभर का चुनाव नहीं हो रहा है। यह पूरे देश का चुनाव है। पूरे देश में चुनाव लड़ने वाले और लड़ाने वालों की निगाह इस घोसी पर बनी हुई है कि यहां ओम प्रकाश राजभर की परीक्षा है। वह गारंटी के साथ बात रहे हैं। यहां जब 4 जून को मतगणना होगी, तब सबको पता चल जाएगा।

घोसी लोकसभा चुनाव में चाहे 10 बार अखिलेश और राहुल गांधी आ जाएं, लेकिन ओम प्रकाश राजभर तो दिन भर यहीं घूम रहे हैं। वह घोसी जितवा कर ही मानेंगे। किसी की हिम्मत नहीं है जो हरा सके। वह समस्याओं के लिए दिल्ली में वकील पैदा कर रहे हैं। शेर का बच्चा सदन में जाकर शेर की तरह दहाड़ेगा। मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि चुनाव का तापमान अब रोज बढेगा। अभी सिर्फ तीन जगह पर चाय पिये हैं। इतने में दिल्ली और लखनऊ तक सबको परेशानी हो गई है। उन्होंने भोजपुरी में कुछ पंक्तियों के माध्यम से इशारा किया कि अब जो नाराज हैं, वो नाराज रहें, उससे उनको कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
'