Today Breaking News

भाजपा प्रत्याशी निरहुआ के भाई समाजवादी गीत के माध्यम से सपा प्रत्याशी के लिए मांग रहे वोट

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. आजमगढ़ संसदीय सीट से सपा और भाजपा का मुकाबला रोचक होता दिख रहा है। भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के बड़े भाई बिरहा गायक विजय लाल यादव सपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव का चुनाव प्रचार करते नजर आ रहे हैं। इस चुनाव प्रचार के दौरान मुलायम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी की सरकार के बारे में भी जमकर चर्चा की।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग वीडियो बनाते भी नजर आए। निरहुआ के बड़े भाई बिरहा के गायक कलाकार विजय लाल यादव ने सपा सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की। वहीं समाजवादी पार्टी भी भाजपा सांसद के भाई की सपा के कार्यक्रमों में प्रस्तुति कराकर सेंधमारी की जुगत में लगी हुई है।

दिनेश लाल यादव के भाई विरहा गायक विजय लाल यादव ने जिले के मुबारकपुर विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में मंच साझा भी किया। विजय लाल यादव अपने भाई निरहुआ के खिलाफ चुनाव प्रचार करते नजर आए।

सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के जनसमर्थन में समाजवादी गीतों के माध्यम आम जन को नाचने झूमने को मजबूर कर रहे हैं। विजय लाल यादव लगातार सपा के चुनावी मंच से मुलायम सिंह यादव और सपा की तारीफ कर रहे हैं। जिसे लेकर राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव के चुनावी सभाओं में पहुंचने वाले भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के भाई विजय लाल यादव का कहना है कि हम लोग तो सपा के दीवान हैं। हम तो दीवाने-दीवाने-दीवाने, अखिलेश यादव के दीवाने, मुलायम सिंह यादव के दीवाने। मुलायम सिंह को अपना उत्तराधिकारी बताने वाले भाजपा सांसद निरहुआ के बयान पर विजय लाल यादव का कहना है भाजपा का गीत गाने वाले मुलायम सिंह यादव का उत्तराधिकारी कैसे हो सकते हैं। देश और प्रदेश की जनता सब समझ रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
'