अरे! शादी के मंडप में दूल्हे ने दुल्हन को जड़ा तमाचा, जीजा ने तान दिया तमंचा; गुस्साई वधू ने भी उठाया ऐसा कदम- सभी हैरान - UP News
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मैनपुरी. शादी में आए खर्च के बंटवारे को लेकर वर-वधू पक्ष के बीच विवाद हो गया। दूल्हा ने दुल्हन को तमाचा जड़ दिया। वहीं दूल्हा के बहनोई ने दुल्हन के भाई पर तमंचा तान दिया। इस पर दुल्हन बिफर गई और उसने शादी से इन्कार कर दिया। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी, फिर वापस लौट गए।
पुलिस ने जांच करने की बात कही है। इटावा के थाना बसरेहर क्षेत्र में स्थित गांव नगला मुलू भदामई निवासी डौली यादव का विवाह करहल में जैन इंटर कालेज के सामने निवासी पवन यादव के साथ तय हुआ था। शादी कार्यक्रम करहल स्थित एक रिसोर्ट में रखा गया था।
शादी में आने वाला खर्च दोनों पक्षों में आधा-आधा मिलकर उठाने की बात तय हुई थी। शनिवार देर रात धूमधाम से जयमाला की रस्म संपन्न हुई। सुबह फेरे पड़ने से पहले दूल्हा पक्ष ने दुल्हन के भाई से कहा कि रिसोर्ट और दावत में आए खर्च का पहले हिसाब होगा, उसके बाद फेरे पड़ेंगे।
इस पर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। इस पर दुल्हन सामने आ गई और दूल्हा पक्ष की मांग का विरोध किया। दूल्हे ने दुल्हन के तमाचा जड़ दिया। साथ ही दूल्हे के बहनोई ने दुल्हन के भाई पर तमंचा तान दिया। यह बात दुल्हन को बर्दाश्त नहीं हुई। उसने शादी न करने का ऐलान कर दिया।
दुल्हन का कहना था कि वह छह बहनों में पांचवें नंबर की है। उसका इकलौता भाई है। भाई पर तमंचा ताना जाना वह बर्दाश्त नहीं कर सकती। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर दिया तो दोनों पक्ष थाने पहुंचे और तहरीर दे दी। बाद में दुल्हन पक्ष वापस लौट गया। इंस्पेक्टर करहल ललित भाटी ने बताया कि दोनों पक्ष तहरीर देकर वापस चले गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।(संवाद सूत्र)