गाजीपुर में बाइक सवार बदमाशों ने किन्नर को मारी गोली, बदमाशों की तलाश जारी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में एक किन्नर को गोली मारने की वारदात से सनसनी फैल गई। बाइक सवार 2 बदमाश किन्नर को गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगने से किन्नर घायल हो गया। घटना नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव की है। जहां हर्ष उर्फ गंगा नामक किन्नर को बाइक सवार 2 बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से घायल किन्नर को इलाज के लिए जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश मे जुटी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव निवासी गंगा किन्नर उर्फ हर्ष उपाध्याय (24) बीती देर शाम बरहपुर मार्केट से खरीददारी करके लौट रहा था। तभी पीछे से मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर फरार हो गए।
गोली गंगा किन्नर के बाएं कंधे पर लगी और वह जमीन पर गिरकर छटपटाने लगा। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर घायल किन्नर को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से घायल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि किन्नर पर किन लोगों ने गोली चलाई है। यह जांच की जा रही है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। बहुत शीघ्र हमलावरों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। किन्नर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।