Today Breaking News

गोरखपुर में 17 से लगेगा बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार; एक लाख लोगों के रहने-खाने की व्यवस्था फ्री

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. तमाम कयासों के बीच गोरखपुर के लोग भी अब बागेश्वर धाम सरकार का दिव्य दरबार शामिल भी हो सकेंगे। बड़हलगंज के लेटाघाट पर 17 से 19 जनवरी तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार लगेगा। हालांकि, दो दिनों पहले प्रशासन ने इसकी अनुमति निरस्त कर दी थी। लेकिन, एक बार फिर प्रशासन ने अनुमति दे दी। पहले पं. धीरेंद्र शास्त्री का दरबार 15 जनवरी से ही लगना था। लेकिन, इस बार उनके कार्यक्रम के लिए सिर्फ तीन दिनों की अनुमति दी गई है।
पं. धीरेंद्र शास्त्री के बागेश्वर धाम सरकार के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर गोरखपुर में दरबार कथा सुनाने और दरबार लगाने की पुष्टि भी की जा चुकी है। ऐसे में यहां एक बार फिर बड़हलगंज के लेटाघाट पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसमें पं. धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री दिव्य दरबार लगाएंगे और हनुमंत कथा भी सुनाएंगे।
एक लाख लोगों के रहने-खाने की व्यवस्था फ्री
बाबा बागेश्वर धाम के दिव्य दरबार के लिए आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बड़हलगंज के लेटाघाट पर भव्य पंडाल सजने लगे हैं। इसमें करीब दो लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन समिति के राहुल तिवारी ने बताया, यहां 17 से 19 जनवरी तक रोजाना एक लाख लोगों के ठहरने, भोजन, स्नान और प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
जो की पूरी तरह निशुल्क होगा। इसके साथ ही दरबार के दौरान भक्तों की अर्जी भी लगेगी। किसी भी चीज के लिए यहां किसी तरह का कोई शुल्क नहीं होगा। अगर कोई अर्जी लगवाने, VIP व्यवस्था से मुलाकात या किसी तरह का प्रलोभन देकर पैसों की डिमांड करता है तो तत्काल इसकी शिकायत की जाए।
दिव्य दरबार को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी
पं. धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार का आयोजन गोरखपुर में भाजपा नेता राहुल तिवारी की ओर से आयोजित किया जा रहा है। राहुल तिवारी ने बताया, लंबे समय से पं. धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार यहां सजाने की बात हो रही थी।

इस बार मिली सिर्फ तीन दिनों की अनुमति
लेकिन, उनकी व्यस्तता के चलते प्रोग्राम नहीं मिल पा रहा था। इस बार उन्होंने खुद 15 से 19 जनवरी तक का समय गोरखपुर के लिए सुनिश्चित किया था। लेकिन, यहां गोरखपुर महोत्सव और गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेला को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति निरस्त कर दी थी। लेकिन, निवेदन करने पर एक बार फिर प्रशासन ने 17 से 19 जनवरी तक कार्यक्रम की अनुमति दी है। ऐसे में उनके स्वागत से लेकर उनके दिव्य दरबार को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां की जा रही है।
गोरखपुर से बड़लहगंज तक भव्य स्वागत की तैयारी
15 जनवरी को गोरखपुर एयरपोर्ट से निकलने के साथ ही उनका भव्य स्वागत होगा। जबकि, नौसड़ से पं. धीरेंद्र शास्त्री का बड़लहगंज तक जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। राहुल तिवारी ने अधिक से अधिक लोगों को आयोजन में पहुंचने की अपील की है।
'