सैदपुर के जर्जर मार्ग बने लोगों के लिए मुसीबत, वाहन के बावजूद पैदल घर जाने को लोग मजबूर - Saidpur News
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर (Saidpur News) नगर के कई मार्ग बीते कई महीनो से खस्ताहाल होकर आम जनजीवन के लिए परेशानी का सबक बने हुए हैं। जिसके कारण सैदपुर (Saidpur News) नगर के कई कॉलोनी वासियों सहित आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के घरों के सामने घुटनों तक पानी और कीचड़ लगा पड़ा है। लोग नगर पंचायत से लगातार इसकी शिकायत कर रहे हैं। लेकिन नगर पंचायत लगातार लोगों की समस्या के इस मामले में उदासीन बना हुआ है।
दूसरे के घर बाइक खड़ा कर अपने घर जाते हैं पैदल
सैदपुर नगर के बड़े क्षेत्र को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला वार्ड संख्या 12 स्थित मार्ग बीते कई वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा हुआ है। मार्ग के अगल-बगल कॉलोनी बसे कई साल हो गए, लेकिन अभी तक नगर पंचायत मार्ग को दुरुस्त नहीं करा सका है। जिसके कारण कॉलोनी वासियों को कहीं-कहीं घुटनों तक जमा पानी और कीचड़ से होकर आना जाना पड़ रहा है। लोग दूसरे मार्गो पर स्थित अपने जान पहचान के लोगों के घरों में अपना दो पहिया और चार पहिया वाहन खड़ा कर, कॉलोनी में पैदल घर जाने को विवश है।
रंग महल चौराहे से गंगा पुल जाने वाले दोनों मार्ग जर्जर
यही हाल नगर की बड़ी आबादी को सैदपुर चंदौली गंगापुल से जोड़ने वाले एप्रोच मार्ग के अगल-बगल रंग महल चौराहे से होकर जाने वाले मार्ग का भी है। जो पुल बनने के साथ ही बना था। बीते 8 वर्षों में यह मार्ग भी पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे उभर आए हैं। जिनमें पानी भरा रहता है। लोग गड्ढों में ईंट के टुकड़े डालकर, इस मार्ग से आने-जाने को विवश है। जबकि यह मार्ग नगर की आधी से ज्यादा आबादी के लिए, पुल पर पहुंचने का सबसे महत्वपूर्ण मार्ग है। लोगों की कई बार शिकायत के बाद भी नगर पंचायत इसे दुरुस्त नहीं कर पाया है।
बजट के अभाव में रुका है सड़क विकास कार्य
सैदपुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी का तबादला हो जाने की स्थिति में नगर पंचायत के लिपिक सुरेंद्र सोनकर ने बताया कि बजट की कमी के कारण, उक्त जर्जर मार्गो के निर्माण में समय लग रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष भी लोगों की इस समस्या से अवगत है। उनके प्रयासों से जल्द ही नगर के जर्जर मार्गों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कराया जाएगा।