Today Breaking News

आजमगढ़ में बोले सपा महासचिव शिवपाल यादव: सपा के संगठन को मजबूत कर भाजपा को हराना मकसद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. आजमगढ़ जिले के दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव का कहना है कि इंडिया की मजबूती से भाजपा पूरे देश में घबराई हुई है। सपा महासचिव का जिले में पहुंचने पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत करते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने का संकल्प लिया।

शिवपाल बोले संगठन को मजबूत कर 2024 में भाजपा को हराना है

सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने जिले के नेहरू हॉल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि एक दिन पूर्व जौनपुर से पूर्वांचल का दौरा शुरू किया हूं। हमारा मकसद पार्टी के साथ ही संगठन को मजबूत करना है। हम सपा के पुराने लोगों को इकट्‌ठा कर संगठन को मजबूत करने में लगे हुए हैं। जिससे कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया जा सके। आजमगढ़ से चुनाव लड़ने के सवाल पर सपा महासचिव का कहना है कि मैं इस बात को कई बार बोल चुका हूं कि पार्टी का जो भी निर्देश होगा उसे स्वीकार किया जाएगा। वहीं स्वामी प्रसाद मौर्या के बयान पर कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान है। इस बयान पर हम नहीं जाना चाहते हैं। जिले में ईकाई भंग होने के सवाल पर सपा महासचिव का कहना है कि बहुत जल्द गठित कर ली जाएगी।

इंडिया से घबराई है भाजपा

सपा महासचिव ने इंडिया जो गठबंधन बना है कि सवाल पर कहा कि सपा के लोग संगठन को मजबूत करने में लगे हुए हैं। इंडिया संगठन बहुत मजबूत है। यही कारण है कि एनडीए के लोग पूरे देश में इंडिया से घबराए हुए हैं। सपा पिछड़े, दलितों और अल्पसंख्यकों को इकट्‌ठा करने का काम कर रही है।

लोकसभा उपचुनाव में हुई थी सपा की हार

आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी रहे धर्मेन्द्र यादव को हार का सामना करना पड़ा था। उससे पहले तक आजमगढ़ लोकसभा सीट सपा के पाले में थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव चुनाव जीते थे। 2022 में प्रदेश में भाजपा की दोबारा सरकार बनने के बाद अखिलेश यादव ने आजमगढ़ सीट से इस्तीफा देकर अपने चचेरे भाई धर्मेन्द्र यादव को सपा का अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। पर सपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव को भाजपा प्रत्याशी भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने हरा दिया। सपा की इस हार को सपा नेतृत्व पचा नहीं पा रहा है। 

जिस तरह से सपा में शिवपाल सिंह यादव की वापसी हुई है। ऐसे में आजमगढ़ लोकसभा सीट को लेकर सपा काफी गंभीर है। हालांकि लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के नामों पर बैठक के बाद मुहर लग जाएगी। हालांकि लोकसभा उपचुनाव में भले ही सपा चुनाव न जीत सकी हो पर जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर सपा के ही प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। ऐसे में सपा आजमगढ़ को अपना गढ़ मानती है और इस गढ़ को बचाने की जुगत में जुट गई है।

'