Today Breaking News

अखिलेश यादव 9 फरवरी को गाजीपुर आएंगे, जनसभा भी करेंगे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 9 फरवरी को जनपद में आगमन होगा। इस दौरान शहर के आदर्श बाजार स्थित लुटावन महाविद्यालय में सपा के पूर्वमंत्री स्व. कैलाश यादव की मूर्ति का अनावरण करेंगे। इसके बाद वे जनसभा को संबोधित करेंगे।

मालूम हो कि 9 फरवरी 2016 को पूर्व मंत्री कैलाश यादव का निधन हुआ था। वे सपा सरकार में दो-दो बार मंत्री रहे। स्व0 कैलाश यादव गांव के प्रधान, देवकली साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष, जिला पंचायत से होते हुए विधायक बने थे।

जमानियां से साल 1996 में विधायक, 2002 में विधायक बनने के बाद औद्योगिक मंत्री और साल 2012 में जंगीपुर विधानसभा से विधायक बनने के बाद अखिलेश यादव की सरकार में पंचायती राज मंत्री बने। स्व0 कैलाश यादव के निधन के बाद रिक्त हुई जंगीपुर विधानसभा सीट से उनकी पत्नी किस्मतिया देवी विधायक निर्वाचित हुई थी। इसके बाद साल 2017 और साल 2022 में लगातार उनके पुत्र डॉ वीरेंद्र यादव इस सीट से विधायक हैं।

पूर्व पंचायती राज मंत्री स्‍व. कैलाश यादव के प्रतिमा का करेंगे अनावरण

स्व0कैलाश यादव के पुत्र और जंगीपुर विधानसभा के विधायक डा. वीरेंद्र यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव 9 फरवरी दिन वृहस्‍पतिवार को पूर्व पंचायती राज मंत्री स्‍व. कैलाश यादव के प्रतिमा का अनावरण लुटावन महाविद्यालय के प्रांगण में करेंगे। इसके बाद पत्रकार वार्ता होगी। वार्ता के बाद लुटावन महाविद्यालय के प्रांगण में ही विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

यहीं से लोकसभा चुनाव का होगा आगाज

सपा विधायक वीरेंद्र यादव ने यह दावा किया कि पिछले दिनों भाजपा की लोकसभा चुनाव अभियान के आगाज वाली हुई जनसभा से बड़ी जनसभा समाजवादी पार्टी की होगी और यहीं से लोकसभा चुनाव का आगाज होगा। प्रेस वार्ता के दौरान विवेक कुमार सिंह समेत तमाम सपा नेता मौजूद रहे।

 
 '