Today Breaking News

किलिमंजारो पर तिरंगा फहरा गाजीपुर लौटी गुंजन, विधायकों ने किया सम्मान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाज़ीपुर के नन्दगंज थाना क्षेत्र के रेवसा गांव निवासी राजदेव राम की पुत्री गुंजन ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में जनपद का नाम रोशन किया है। दक्षिण अफ्रीका में तंजानिया चोटी फतह कर वापस अपने गांव जाते समय शुक्रवार को नन्दगंज के ठाकुर जी राम लक्ष्मण जानकी इंटर कालेज में गूंजन का स्वागत कर सम्मान किया गया। सम्मान और स्वागत करने वालों में जंगीपुर विधायक डॉ0वीरेंद्र यादव और सदर विधायक जैकिशन साहू समेत सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

गुंजन कुमारी का स्वागत रामपुर बन्तरा हाइवे पर गाजे बाजे के साथ किया गया। उसके बाद स्कूल के छात्र छात्राओं ने रैली निकाली। नन्दगंज बाजार में लोगो ने जगह जगह स्वागत किया। रैली ठाकुर जी राम लक्ष्मण जानकी इंटर कालेज में पहुंच कर स्वागत एवं सम्मान समारोह में तब्दील हो गई। इस अवसर पर स्कूल के प्रबन्धक उमा कांत सिंह ने कहा कि गुजन कुमारी जब तक इस स्कूल में पढेगी उसका उसे नि:शुल्क पढ़ाया जाएगा।

जम्मू कश्मीर स्थिति ट्रेनिंग सेंटर में प्राप्त किया प्रशिक्षण

गुंजन ने बताया कि पर्वतारोहण के क्षेत्र में शुरुआती दिनों में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा। परिवार और गांव के लोगों का सहयोग भी प्राप्त नहीं हुआ। दोस्तों और मार्गदर्शकों की मदद से मैंने जम्मू कश्मीर स्थिति ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद सबसे पहले जम्मू कश्मीर में ही 12500 फीट की ऊंचाई पर टेबल टॉप किया। इसके बाद 17907 फीट ऊंचे माउंटेन मचोई पर 11 घण्टे में पहुंच सबसे कम उम्र की महिला पर्वतारोही का इंडिया रिकॉर्ड हासिल किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद उत्तराखंड में हिमालय पर्वत की चोटी केदार कंठा (12506फिट) का पर्वतारोहण महज 3 घंटे में करते हुए इंडिया रिकॉर्ड बनाया।

विश्व स्तर पर नाम रोशन किया

अभी हाल ही में दक्षिण अफ्रीका की सबसे ऊंची और विश्व की सबसे ऊंची चोटियों में चौथे नंबर का खिताब रखने वाली माउंट किलीमंजारो पर चढ़कर विश्व स्तर का रिकॉर्ड बनाया है। स्थानीय लोकनाथ यादव ने बताया कि बेहद मामूली परिवार की गुंजन ने अपनी लगन और कुछ कर गुजरने के जज्बे के कारण आज विश्व स्तर पर नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती दिनों में उसे बहुत ही दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन जब वह विश्व रिकॉर्ड बना कर घर वापस आई है तो माता-पिता भी गर्व की अनुभूति कर रहे हैं।

मामूली किसान की बेटी है गुंजन

स्वागत और सम्मान करने वाले जंगीपुर विधायक वीरेंद्र यादव ने कहा कि गुंजन की उपलब्धि से गाजीपुर ही नहीं पूरा देश गर्व की अनुभूति कर रहा है। हम उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। मालूम हो कि पर्वतारोही गुंजन नंदगंज क्षेत्र के रेवासा गांव की रहने वाली हैं। इनके पिता राजदेव बेहद मामूली किसान हैं। माता-पिता की इकलौती संतान गुंजन की आज इस कामयाबी पर पूरे गांव के लोग बधाइयां दे रहे हैं।

 
 '