Today Breaking News

गाजीपुर में पराली जलाने में 5 बीघा फसल जली, मुकदमा दर्ज, DM से की मुआवजे की मांग

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. प्रशासन की सख्ती के बावजूद खेतों में पराली जलाने पर रोक नहीं लग पा रही है। कई बार जागरुकता कैंपेन चलाने व सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं से अवगत कराने के बावजूद हार्वेस्टर से धान की कटाई के बाद किसान खेतों में पड़े पराली को जला रहे हैं। इससे आए दिन खेतों में खड़ी फसल जलने जैसी घटनाएं भी हो रही हैं।

बीते दिनों सेवराई गांव के सिवान में खेत में धान के अवशेष जलाते समय निकली चिंगारी व हवा के झोंके से पास के खेतों में खड़ी धान की फसल में आग पकड़ लिया। जिससे करीब 5 बीघा की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। काफी प्रयास कर किसानों ने किसी तरह आग पर काबू पाया तब तक दर्जनों अन्य किसानों के खेतों में लगी सैकड़ों बीघा खड़ी फसल को आग ने अपने आगोश में लेते हुए जलाकर खाक कर दिया। घटना को लेकर किसानों में वाद विवाद भी हुआ।

पराली जलाने वालों किसान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

घटना के 2 दिन बाद शनिवार की देर शाम एक किसान ने गहमर कोतवाली पुलिस को पराली जलाने वालों किसान के विरुद्ध नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। किसान नेता भानु प्रताप सिंह निवासी ग्राम सेवराई ने पुलिस को बताया कि गांव के ही अनिल सिंह व भैरो सिंह ने हार्वेस्टर से धान की कटाई के बाद पराली में आग लगा दी। खेत में धान की जलती खूंटी से चिंगारी निकली और हवा के झोंके के साथ बगल के मेरे खेत में चले गए।

5 बीघा खेत में खड़ी धान की खड़ी फसल जलकर राख

चिंगारी से धान की खड़ी फसल धू धू कर जलने लगी। जिससे करीब 5 बीघा खेत में खड़ी धान की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। पास के खेतों में काम कर रहे किसानों के द्वारा शोर शराबा मचाने पर जुटे अन्य किसानों के द्वारा घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।

डीएम से मुआवजे की मांग

इस बाबत गहमर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि किसान भानु प्रताप सिंह के द्वारा दिए गए नामजद तहरीर के आधार पर सेवराई के ही दो भाइयों अनिल सिंह व भैरो सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्जकर विवेचना की जा रही है। पीड़ित किसान ने जिलाधिकारी से मुआवजे की मांग की है।

 
 '