गाजीपुर में नगरपालिका चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में समाजवादी पार्टी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। नगरपालिका चुनाव की तैयारी के तहत बूथ कमेटी की समीक्षा लगातार जारी है। साथ-साथ नगर की ज्वलंत समस्याओं पर भी आगे की रणनीति बनाई जा रही है। जिला मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सभी बूथ प्रभारियों एवं सेक्टर प्रभारी को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका चुनाव में पार्टी को जिताने का भी संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि बूथ कमेटी संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता ही पार्टी की रीतियों नीतियों और योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के अलावा लाठी गोली खाकर पार्टी के पक्ष में मतदान कराने का काम करता है।
अवहेलना कर कोई भी पार्टी आगे नहीं बढ़ सकती
बूथ पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की अवहेलना कर कोई भी पार्टी आगे नहीं बढ़ सकती। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि नगर में इतिहास बनाना है तो कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। उन्होंने नगर की समस्यायों को लेकर संघर्ष करने और आन्दोलन का रास्ता पकड़ने की भी आह्वान किया।कहा बिना संघर्ष के कोई मंजिल फतेह नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि इस बार अवसर अच्छा है। नगरवासी परिवर्तन के मूड में हैं, क्योंकि 25 वर्षों से भाजपा को मौका देकर नगरवासी देख चुके हैं, कि शहर आज भी विकास की राह नहीं पकड़ सका है। उन्होंने सभी से नगरपालिका चुनाव की तैयारी में तन मन धन से जुड़ने का आह्वान किया। कहा कि संगठन के जो भी पेंच ढीले है। उन्हें समय से कस लेने की जरूरत है।
नगरपालिका पर भाजपा का कब्जा है
उन्होंने कहा लगभग पच्चीस वर्षों से नगरपालिका पर भाजपा का कब्जा है। लेकिन शहर की समस्यायें ज्यों की त्यों बनी हुई है। शहर विकास के नाम पर शून्य है। शहर की गलियां आज भी अंधेरी है। नालों को ढकने की आज तक कोई व्यवस्था नहीं हुई है। नाले जाम हैं जिसकी वजह से सड़कों पर पानी भरा पड़ा है। लोगों का घर से निकलना दुश्वार हो गया है।
नगरपालिका से भाजपा को बेदखल करना जरूरी
उन्होंने कहा शहर के विकास के लिए नगरपालिका से भाजपा को बेदखल करना जरूरी है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ नन्हकू यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, आमिर अली, दिनेश यादव, अभिनव सिंह, अतीक अहमद राईनी, डॉ समीर सिंह, अखिलेश साहू, प्यारे मोहन रावत, राजदीप रावत, अनूप गुप्ता, सुनील यादव, रीना यादव, संजय यादव, आंनद त्रिपाठी,रामशेर कुमार आदि उपस्थित थे।