हर घर तिरंगा के लिए गाजीपुर में तीन लाख झंडे तैयार कर रहीं महिलाएं
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. हर घर तिरंगा के लिए तीन लाख झंडे जनपद में तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लगाया गया है। वह पिछले एक महीने से तैयार करने में लगी हुई हैं। घर-घर तिरंगा लगाने का अभियान सात से 15 अगस्त तक चलेगा।
तिरंगा तैयार करने वाली महिलाओं को इससे रोजगार भी मिल रहा है और राष्ट्रवाद के लिए काम करने का मौका भी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी सैदपुर व सादात ब्लाक के स्वयं सहायता समूह की महिलाएं हर घर तिरंगा अभियान के लिए राष्ट्रीय ध्वज का निर्माण कर रही हैं। इसे आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सरकारी भवनों, आम लोगों के मकान व प्रतिष्ठानों पर फहराया जाएगा। इसका निर्माण अलग-अलग साइज में हो रहा है। कई विभागों के माध्यम से घर-घर तिरंगा झंडा वितरित किए जाएंगे।
मध्यम और लघु आकार के झंडे यहां की महिला समूह बना रही हैं। इसके लिए उन्हें विभिन्न मदों से पारिश्रमिक भी दिया जाएगा। इन झंडों पर अशोक चक्र का चिह्न अंकित कर सभी झंडे जिला मुख्यालय को भेज दिए जाएंगे। जहां से ये झंडे विभिन्न विभागों के माध्यम से लोगों को दिए जाएंगे। महिला समूह की महिलाओं का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज सिलने का अलग ही गौरव अनुभूति है। सम्मान के साथ के इन तीन रंग के कपड़ों को जोड़ा जा रहा है।