निरहुआ के बड़े भाई विजय लाल यादव हादसे में गंभीर रूप से घायल, फारच्यूनर के परखचे उड़े
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. आजमगढ़ से नवनिर्वाचित सांसद और भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ के बड़े भाई विजय यादव का गुरुवार को कार एक्सीडेंट हो गया। बिरहा गायक और समाजवादी पार्टी के नेता विजय लाल यादव की कार लखनऊ जाते समय बाराबंकी के पास हादसे का शिकार हो गई। विजय की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी फारच्यूनर कार के परखचे उड़ गए हैं।
बड़े भाई की कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी खुद अभिनेता निरहुआ ने ट्विटर के जरिए दी। अपने भाई की हेल्थ अपडेट देते हुए उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उन्हें तुरंत वेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इसके साथ ही अभिनेता ने अपने सभी फैंस से उनके भाई के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना करने की भी अपील की।
भोजपुरी सुपर स्टार और #आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के बड़े भाई विरहा सम्राट विजय लाल यादव कार से लखनऊ जाने के क्रम में रोड एक्सीडेंट गंभीर रूप से घायल हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया pic.twitter.com/Yjt9nbifKt
— Ghazipur News (@GhazipurNewsIn) June 30, 2022
बताया जा रहा है कि विजय लाल यादव की फॉर्च्यूनर काफी तेज गति में जा रही थी। इसी दौरान ड्राइवर संतुलन खो बैठा और तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। डिवाइडर से हुई भिड़ंत की वजह से कार हवा में 20 मीटर तक ऊपर उछल गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
विजय लाल यादव समाजवादी पार्टी सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री रह चुके हैं। वे समाजवादी पार्टी के सदस्य के रूप में इस बार आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में प्रचार करते भी नजर आए थे। हालांकि, उन्होंने अपने भाई दिनेश लाल यादव निरहुआ की जगह सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव का समर्थन किया था।
बड़े भैया विजय लाल यादव जी की कार लखनऊ जाने के क्रम में दुर्घटना ग्रस्त हो गयी। हमारे प्रतिनिधि ने भैया से बात कराया, उन्हें वेदन्ता हॉस्पिटल ले जाया जा रहा है। प्रवेश लाल और कवि जी वहाँ पहुँच रहे हैं। हम लोग भी जल्द भैया के पास पहुँच जाएँगे। बाबा विश्वनाथ जल्द स्वास्थ्य लाभ दें।
— Nirahua Hindustani (@nirahua1) June 30, 2022