बलिया में बीजेपी जिला उपाध्यक्ष के बेटे के तिलकोत्सव में डांसर को लगी गोली, पुलिस ने करा दिया समझौता
गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. बलिया जिले में सत्ता पक्ष से जुड़े नेता के घर हर्ष फायरिंग के दौरान डांसर को गोली लगी और गंभीर हाल में उसेरेफर करने तक की नौबत आ गई, इस गंभीर मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की जगह समझौता करवा दिया। पूरा मामला बलिया जिले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष के घर का है। जहां पर तिलकोत्सव के दौरान आरकेस्ट्रा में हर्ष फायरिंग भी हुई और गोली डांस कर रही युवती को जा लगी। इस आपराधिक मामले में पुलिस ने मुकदमा लिखने की जगर दोनों पक्षों में सुलह समझौता करा दिया।
बैरिया के करमानपुर में डांसर को गोली लगने के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह- समझौता आखिरकार करा दिया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह -तरह की चर्चा चल रही है। वहीं घायल डांसर का वाराणसी में इलाज चल रहा है। गांव में सोमवार की रात वैवाहिक समारोह चल रहा था। नाच-गाने के दौरान किसी ने फायरिंग कर दी। गोली बांसडीह की रहने वाली नर्तकी के कमर में लग गई। इससे वहां भगदड़ का माहौल हो गया। आनन-फानन में उसे सोनबरसा अस्पताल ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
घटना के बाद भी पुलिस हर्ष फायरिंग से इनकार करती रही। हालांकि, चर्चा है कि गोली दोनाली बंदूक से चलाई गई थी। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। एक-दो दिन में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। थानाध्यक्ष का कहना है कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। वहीं गांव के लोगों में चर्चा है कि बंदूक में गोली फंस गई थी। इस दौरान असावधानी के कारण गोली चल गई। इससे पहले बिल्थरोड के मझौवां में भी वैवाहिक समारोह के दौरान गोली चल गई थी। इसमें बालक घायल हो गया था। पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
भाजपा उपाध्यक्ष के बेटे का था तिलकोत्सव : भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह के बेटे का बीते सोमवार को तिलकोत्सव कार्यक्रम था। इस दौरान डांस कार्यक्रम तय किया गया है। अचानक बवाल बढ़ने के कारण गोली कांड हो गया और भगदड़ बढ़ गई। इसमें डांसर गोली लगने से घायल हो गई थी। मगर अब पुलिस ने इस प्रकरण में दोनों पक्षों में समझौता करा दिया है।