ससुराल में मिला युवक का शव, FIR दर्ज - Ghazipur News
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के सोफीपुर गांव स्थित ससुराल में रह रहे अरविद राम ( 33) का संदिग्धहाल में शव खेत में मिला। शौच करने गए ग्रामीणों ने शव की पहचान कर घटना की सूचना ससुर रमाशंकर राम को दी। वह शराब पीने का आदी था। फारेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। उधर, भाभी ने पत्नी पर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
बखरा गांव निवासी अरविद की सोफीपुर में ससुराल है। विदेश में प्राइवेट नौकरी करता था, जो 2020 में वापस आया था। अब फिर से विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। पत्नी सोनम मायके में रहती थी। इसलिए वह भी अधिकांश समय ससुराल में ही रहता था। सोमवार की सुबह सोफीफुर के ग्रामीणों ने अरविद राम का शव खेत में पड़ा देखा।
उसका साला प्रवीण कुमार ने बताया कि जीजा अरविद का भतीजा बाइक से दुर्घटना में घायल हो गया था। मऊ में भतीजे के इलाज के लिए तीन दिन पहले हमारी बाइक ले गए थे। रात में कब लौटे और उनकी मौत कैसे हुई इसका पता नहीं चल सका। पड़ोस में एक शादी थी, उसी में परिवार के सभी लोग थे।
क्षेत्राधिकारी गौरव कुमार सिंह, कोतवाल शिव प्रताप वर्मा ने घटनास्थल पर जानकारी ली। कोतवाल प्रताप वर्मा ने बताया कि शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं पाया गया। अरविद शराब का आदी था। इनका घरेलू विवाद भी चल रहा था। इनकी भाभी किसमति ने पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
उधर, ग्रामीणों ने बताया कि रविवार की देर रात गांव के ही एक अंडे की दुकान से अंडा भी खरीदते हुए लोगों ने देखा। उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है, जबकि मां दिल्ली गई है। दो भाइयों में वह छोटा था। बड़ा भाई बुद्धुराम गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता है। अरविद की तीन छोटी-छोटी बेटियां हैं।