गाजीपुर में गर्मी और उमस के बीच पारा 42 डिग्री के पार पहुंचा
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मौमस की तल्खी फिर से शुरू हो गयी है। पूरे दिन गर्म हवा के साथ भीषण गर्मी का लोग सामना करते नजर आये। इसके चलते शनिवार को अधिकतम तापमान चार डिग्री बढ़कर 42 डिग्री तक पहुंच गया था।
वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री पर बना रहा। गर्म हवा के थपेड़े अलग से परेशान करते रहे। सर्वाधिक परेशानी जरूरी कामकाज निबटाने के लिए निकले वालों को उठानी पड़ी। सड़कों पर निकलने वाले लोग चेहरे को कपड़ों से ढके नजर आये। सूखती हलक को शीतल पेय पदार्थों, गन्ने का जूस, शर्बत व कोल्डड्रिंक पीकर तर करते रहे। वैसे सुबह से ही आसमान साफ रहा है।
इसके चलते धूप की तल्खी महसूस होने लगी थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे सूरज की तल्ख किरण झुलसाने लगी थी। सुबह के दस बजे के बाद ही सड़कों पर लोग कम नजर आने लगे थे। दोपहर में निकलने वाले लोग पूरी तरह से बेहाल नजर आये। उमस झेल रहे लोग शनिवार को सूरज की तीखी किरण का भी सामना किये।
इसके चलते एकाएक पारा चार डिग्री बढ़ गया। दिन के 11 बजे से धूप लोगों को बेहाल करने लगी थी। दोपहर में बाहर निकले लोग छांव ढूंढते नजर आये। सड़कों पर सबसे अधिक परेशान दोपहिया चालकों को उठानी पड़ी। गर्म हवा के थपेड़े उन्हें परेशान करते रहे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जिस रफ्तार से पारा बढ़ रहा है, इससे पिछले वर्ष का रिकार्ड टूट सकता है।
बताया कि बंगाल की तरफ से आने वाला चक्रवात अब उत्तर पूरब की ओर घूम गया। ऐसे में तापमान में लगातार वृद्धि होने की संभावना है। बताया कि बीच-बीच में बादल की आवाजाही से तापमान में एक से दो डिग्री की राहत मिल सकती है। लेकिन गर्मी से अभी निजात मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।