Today Breaking News

शिवपाल सिंह यादव अब अयोध्या जाने की तैयारी में, नवरात्र के बाद लेंगे बड़ा फैसला

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में प्रचंड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी की दोबारा सरकार बनने के बाद भी राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं के प्रति उमड़ा ट्विटर प्रेम और उनका रामभक्त हो जाना बदलाव का बड़ा संकेत दे रहा है। वैसे भी शिवपाल सिंह यादव यह कह चुके हैं कि वह नवरात्र के बाद कोई बड़ा फैसला लेंगे। अब सभी की निगाह उनके फैसले पर ही टिकी है।

भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद अब मिशन 2024 पर लग गई है। भाजपा के इस मिशन में समाजवादी पार्टी के विधायक शिवपाल सिंह यादव भी बड़े मददगार साबित हो सकते हैं। शिवपाल सिंह यादव का ट्विटर पर भाजपा के बड़े नेताओं को फालो करने के साथ ही अयोध्या जाकर रामलला तथा हनुमान गढ़ी का दर्शन करने की योजना भी उनको रामभक्त साबित कर रही है। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के सबसे सबसे बड़े राजनीतिक यादव परिवार के मजबूत सदस्य शिवपाल सिंह यादव पर भगवा रंग चढ़ने लगा है। 

सोमवार को सुबह राम दरबार की एक फोटो शेयर कर चौपाई के जरिए अपनी बात कहने वाले शिवपाल सिंह यादव अब अयोध्या जाने की तैयारी में हैं। उनके इस ट्वीट के कई मतलब निकाले जा रहे हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल सिंह यादव के आने वाले दिनों में अयोध्या जाने के साथ भाजपा में शामिल होने की अटकलें भी तेज हैं। शिवपाल सिंह यादव ने बीते दिन कहा था कि अयोध्या में हनुमानगढ़ी तो जाना ही है। रामजन्मभूमि भी जाना है और दर्शन भी करना है। आगे के कदम पर उन्होंने कहा था कि नवरात्र के बाद कुछ बड़ा फैसला लेंगे।

शिवपाल यादव ने रामायण की चौपाई के साथ ट्वीट किया था। उन्होंने भगवान राम को परिवार, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के लिए सबसे अच्छा स्कूल बताया। सपा विधायक शिवपाल यादव ने ट्वीट लिखा था, प्रातकाल उठि कै रघुनाथा। मातु पिता गुरु नावहिं माथा॥ आयसु मागि करहिं पुर काजा। देखि चरित हरषइ मन राजा॥ भगवान राम का चरित्र 'परिवार, संस्कार और राष्ट्र' निर्माण की सर्वोत्तम पाठशाला है। चैत्र नवरात्र आस्था के साथ ही प्रभु राम के आदर्श से जुडऩे व उसे गुनने का भी क्षण है।

केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान: प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव तो अखिलेश यादव से नाराज बताए जा रहे हैं। इसी बीच उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दे दिया है।शिवपाल सिंह यादव के भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बारे में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जितने भी आज तक राम की भक्ति से दूर रहते थे, सब आज राम भक्ति कर रहे हैं, उन सबका स्वागत है।

सपा के गढ यादव बेल्ट पर भाजपा की नजर: मिशन 2024 के लिए भाजपा की नजर उत्तर प्रदेश के यादव बेल्ट पर है। इसी कारण शिवपाल सिंह यादव की पहल के बाद भाजपा अब उनके ऊपर नजर रख रही है। माना जा रहा है कि शिवपाल सिंह यादव 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को इटावा, मैनपुरी, कन्नौज, फिरोजाबाद व फर्रुखाबाद में बड़ा लाभ दे सकते हैं।

शिवपाल के माध्यम से बड़ा लाभ लेने के प्रयास में भाजपा: चाचा शिवपाल सिंह यादव तथा भतीजे अखिलेश यादव के बीच लड़ाई का लाभ भाजपा को मिल सकता है। भाजपा शिवपाल के सहारे समाजवादी पार्टी के खिलाफ बड़ा रणनीतिक दांव चल सकती है। माना जा रहा है कि शिवपाल यादव की भाजपा से बढ़ती नजदीकी उन्हें विधान सभा उपाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठा सकती है। यदि ऐसा होता है, तो शिवपाल सदन में अपने भतीजे और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के नजदीक बैठेंगे। विधान सभा उपाध्यक्ष की सीट सदन में ठीक नेता प्रतिपक्ष के बगल में ही होती है।

सियासी जमीन की तलाश में शिवपाल सिंह यादव: शिवपाल सिंह यादव इटावा जिले के जसवंतनगर से लगातार छह बार से विधायक हैं। समाजवादी पार्टी में किनारे की बेंच पर बैठाए गए शिवपाल सिंह यादव अपने लिए नई सियासी जमीन तलाशने के लिए भाजपा की ओर झुक रहे हैं। इसी क्रम में शिवपाल सिंह यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर चुके हैं। इतना ही नहीं, अब तो इंटरनेट मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ तथा पूर्व डिप्टी सीएम डा दिनेश शर्मा को फालो कर रहे हैं। इससे उनके भाजपा के साथ जाने के संकेत मिल रहे हैं।

'