Today Breaking News

बलिया में गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद धमाका, 12 झोपड़ियों में रखे लाखों के सामान जले, दो लोग झुलसे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत सिसोटार (हरदिया) में शुक्रवार को मध्य रात्रि खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लीकेज हो गया। खाना बनाते समय हुए हादसे के बाद क्षेत्र में आग लग गई। आग लगने के बाद थोड़ी देर बाद सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। आग लगने से सिलेंडर झोपड़ी को चीरते हुए 100 मीटर दूर जाकर गिरा। इसकी वजह से क्षेत्र में आधी रात तक दहशत का माहौल बना रहा। 

स्‍थानीय लोगों के अनुसार गनीमत थी कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। वहीं झोपड़ी में इसकी वजह से आग लग गई, वहीं आग की लपटें 11 अन्य झोपड़ियों तक पहुंच गईं। इसके चलते घर -गृहस्थी के सामान और नकद रुपये जलकर राख हो गए। इस दौरान एक ही परिवार की दो महिलाएं भी आग की चपेट में आने से झुलस गईं। दोनों महिलाओं का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज हादसे के बाद से चल रहा है। वहीं हादसे की जानकारी होने के बाद से ही क्षेत्र के लोगों में काफी चर्चा का माहौल बना हुआ है। 

पुलिस के अनुसार मार्कण्डेय बिंद की पत्नी शोभा देवी गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। अचानक सिलेंडर में आग लग गई, वह धू-धूकर जलने लगा। आग ने झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के प्रयास में शोभा देवी और उनकी सास परमेश्वरी देवी बुरी तरह झुलस गई। दोनों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। 

आग की लपटें लगातार बढ़ती जा रहीं थीं। मार्कण्डेय की दो झोपडियाें में रखा 25 हजार रुपए नकद, सोने और चांदी के आभूषण के साथ ही 11 क्विंटल गेहूं और पांच क्विंटल चावल भी नष्ट हो गए। गोविंद की एक झोपड़ी और उसमें रखा फ्रीज, कूलर, बक्सा, 15 क्विंटल राशन और आभूषण जल गए। रामभजन और दिनेश बिंद की झोपड़ी में रखी बाइक, साइकिल और भूसा नष्ट हो गया। इसी तरह शिवजी बिंद, किरण और राजनाथ बिंद की झोपड़ी जल गई।

 
 '