Today Breaking News

आज महिलाओं के हाथ में रहेगा रेलवे, ट्रेनों के संचालन से लेकर संभालेंगी सुरक्षा तक की जिम्मेदारी, जानें- क्यों?

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों की प्रमुख जिम्मेदारी महिला रेलकर्मियों के हाथ होगी। महिलाएं न सिर्फ ट्रेन चलाएंगी बल्कि कंट्रोल भी करेंगी। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता तो करेंगी ही, टिकट जांच में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

संचालन के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी पुख्ता करेंगी महिला रेलकर्मी

दरअसल, पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने महिला दिवस पर ट्रेनों के संचालन अन्य सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका बढ़ाने का निर्णय लिया है। ताकि, उन्हें भी अपनी अहमियत का अहसास हो सके। वैसे महिलाएं ट्रेनों का संचालन हो या सुरक्षा व्यवस्था, बढ़चढ़कर हर क्षेत्र में बढ़चढ़कर हिस्सा लेती हैं। गोरखपुर जंक्शन पर ही 50 महिला कर्मचारी तैनात हैं, जिसमें बुकिंग में 17, आरक्षण में 15, विश्रामालय में 10, मुख्य टिकट निरीक्षक 05, पार्सल में 02, ट्रांजिट में एक शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ मंडल में दर्जन भर सहायक लोको पायलट और एक गार्ड हैं। 23 महिलाएं सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिन्हा के अनुसार स्टेशन ही नहीं ट्रेनों की सुरक्षा भी महिलाओं के हाथ होगी। महिला दिवस पर हर प्रमुख मोर्चों पर तैनात रहेंगी।

बिना टिकट 742 लोगों से रिकार्ड 430735 रुपये की वसूली

रेलवे स्टेशन पर सोमवार को डायरेक्टर आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में आपरेशन चक्रव्यूह अभियान चलाया गया। वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने देर शाम तक बिना टिकट 742 लोगों को पकड़ा। पकड़े गए लोगों से जुर्माना के रूप में रिकार्ड 430735 रुपये की वसूली की गई। संयुक्त टीम ने मास्क नहीं पहनने वाले तीन लोगों को भी पकड़ा। उनसे भी 600 रुपये जुर्माना वसूला। यहां जान लें कि चुनाव बाद यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। कन्फर्म टिकट नहीं मिलने पर लोग बिना टिकट ही यात्रा पर निकल जा रहे। रास्ते में पकड़े जाने पर किराया के साथ जुर्माना भी दे रहे हैं।

रेलवे में अनेक महिला रेलकर्मी कार्यरत हैं। हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर एवं उनसे बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। चाहें वह ट्रेन चलाने का कार्य हो या गार्ड, टीटीई, स्टेशन मास्टर, ट्रैक मेंटेनर, वर्कशॉप के कार्य। खेल जगत में भी सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में प्रैक्टिस करने वाली एवं पूर्वोत्तर रेलवे की महिला खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। महिला दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे में विविध कार्यक्रम आयोजित कर महिलाकर्मियों का उत्साहवर्धन किया जाएगा। - पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी- पूर्वोत्तर रेलवे।

 
 '