किसान, मजदूर और नौजवान परेशान, सपा सबकी समस्या दूर करेगी - मुलायम सिंह यादव
गाजीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. जौनपुर में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए मुलायम सिंह यादव जनसभा करने पहुंचे। उन्होंने मल्हनी विधानसभा से सपा प्रत्याशी लकी यादव के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में नौजवान और किसान सभी परेशान हैं।
किसान मेहनत करता है। खाद और बीज के लिए परेशान होता है। उसकी फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए। लेकिन, किसान को इस सरकार में वाजिब दाम नहीं मिल रहा है। इसलिए हमारे किसान परेशान हैं। समाजवादी पार्टी किसानों को उनका हक दिलाएगी। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी की है। किसान मेहनत करता है उसे उसका लाभ मिलना चाहिए।
युवाओं को मिलेगी नौकरी
जनसभा को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि यहां कितने युवा हैं, सब परेशान हैं। उन्हें रोजगार नहीं मिला है। इसलिए बेरोजगारी बढ़ रही है। व्यापारियों को उनकी कीमत नहीं मिल रही है। उद्योग धंधे सब चौपट हो गए हैं। व्यापारियों की समस्याओं को सिर्फ समाजवादी पार्टी ही समझती है। कोई दूसरी पार्टी उनकी समस्याएं नहीं सुनती हैं।