सपा कुनबा की इटावा से करहल पर नजर, शिवपाल यादव ने लिया मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पहली बार मैदान में उतरे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के चुनाव को समाजवादी पार्टी का पूरा कुनबा बेहद गंभीर है। पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव इटावा के सैफई में डटे हैं, जहां से करहल विधानसभा क्षेत्र की दूरी मात्र पांच से सात किलोमीटर है।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ ही पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव की नजर भी करहल के मतदान पर है। मैनपुरी से सांसद रहे तेज प्रताप यादव तो अखिलेश यादव के चुनाव प्रभारी ही हैं। वह तो मैनपुरी में ही डटे हैं। इसके साथ ही इटावा के जसवंतनगर से समाजवादी पार्टी के सिंबल पर चुनाव के मैदान में उतरे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को अपनी जीत का पूरा भरोसा है। उन्होंने भी मुलायम सिंह यादव से आशीर्वाद लेने के साथ ही अखिलेश यादव को भी जीत दर्ज करने के लिए आशीर्वाद दिया है।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने आज इटावा में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। शिवपाल सिंह यादव उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव इटावा जिले के जसवंत नगर से लड़ रहे हैं।
जिसके लिए यूपी चुनाव 2022 के तीसरे चरण में आज मतदान होना है। उन्होंने कहा कि जनता से अपील है कि समाजवादी पार्टी के पक्ष में काफी बढ़ चढ़कर वोट करें। मुझे लगता है मुझे भारी मतों से जीत मिलेगी। इस चुनाव में अखिलेश यादव को मेरा पूरा आशीर्वाद है। वो हमारे गठबंधन में मुख्यमंत्री बनें।
प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने कहा कि तीसरे चरण के कुछ जिलों में तो भाजपा कोई सीट नहीं जीत पा रही है। करहल से इनको अखिलेश यादव के सामने कोई उम्मीदवार नहीं मिल पा रहा था।
इसी कारण आखिरी समय में बली का बकरा बनाने एसपी सिंह बघेल को भेजा गया है। इस बार ऐसा लग रहा है कि लोग सिर्फ अखिलेश यादव का चेहरा देखकर वोट दे रहे हैं।
मैनपुरी में अखिलेश यादव के चुनाव का संचालन देख रहे पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव उर्फ तेजू ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी बहुत आगे है, यहां पर जब से दूसरी पार्टियों के साथ गठबंधन हुआ है तब से बाजी एकदम पलट गई है। भाजपा को जनता का समर्थन नहीं है।