प्रशिक्षण के बाद मतदान में भगदड़, सपा ने जताई आपत्ति - Ghazipur News
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पीजी कालेज में चुनाव प्रशिक्षण के बाद गुरुवार की शाम पोस्टल बैलेट से मतदान के दौरान कर्मचारियों की अधिक भीड़ होने से भगदड़ मच गई। अव्यवस्थाओं के बीच कर्मचारियों ने आक्रोश जताया और कई कर्मचारी मतदान किए बिना ही लौट गए।
कर्मचारियों ने बाहर जाने के साथ ही राजनीतिक दलों के नेताओं से दुश्वारियां साझा की तो सपा जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ पीजी कालेज पहुंच गए। उन्होंने अव्यवस्थाओं पर जिम्मेदारों की शिकायत चुनाव आयोग करने की चेतावनी दी। साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह को फोन कर मामले से अवगत कराया। ³निर्वाचन अधिकारी तत्काल पीजी कालेज पहुंचे और बेहतर इंतजाम के निर्देश दिए।
शहर के गोराबाजार स्थित पीजी कालेज में विधानसभा चुनाव में कर्मचारियों के प्रशिक्षण चल रहा है। गुरुवार को 26 सौ कर्मचारियों को प्रशिक्षण लेना था, जिसमें 20 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। शाम तीन बजे प्रशिक्षण संपन्न होने के बाद कर्मचारी मतदान की तैयारी में जुट गए। मतदान के लिए कर्मचारियों की लम्बी लाइन देख अन्य कर्मचारी घबरा गए और पूरे मतदान प्रक्रिया में अव्यवस्था फैल गई। सपा जिलाध्यक्ष रामधारी यादव कार्यकर्ताओं साथ पहुंचे और कर्मचारियों की समस्याएं जानी। उन्हें बिंदुवार लिखकर जिला निर्वाचन अधिकारी को बताया।
वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों के मतदान में अव्यस्था पर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने जिला निर्वाचन अधिकारी से प्रशिक्षण के बाद वोटिंग में बेहतर इंतजाम की मांग की। जंगीपुर विधायक ने कहा कि हर विधानसभा में दो-दो बूथ बनाया जाए ताकि कर्मचारियों को कोई परेशानी ना हो। विशेष रूप से महिलाओं का मतदान हो सके। 12 बजे तक प्रशिक्षण के बाद मतदान कराया जाए। जानकारी पाकर पहुंचे जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह ने संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि मतदान कार्य में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। कुछ महिला कर्मचारी भीड़ को देखते हुए बिना मतदान किए ही लौटे कर्मचारी किसी भी दिवस में मतदान करने की बात भी कही। डीएम के आश्वासन के बाद सपा नेता लौट गए और कर्मचारी भी शांत हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी से वार्तामें पूर्व विधायक भोनूराम सोनकर, पूर्व मंत्री सुधीर यादव, अशोक कुमार बिन्द, दिनेश यादव, चन्द्रिका सिंह यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, राजेश कुमार यादव,सिंकदर कन्नौजिया,आरिफ खां, नरसिंह यादव , मन्तोष यादव आदि नेता भी पहुंचे थे।