सीएम योगी पर अखिलेश यादव का तंज, कहा-गर्मी निकालने वालों की भाप निकालेगी जनता
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखीमपुर. लखीमपुर के राजकीय इंटर कालेज के मैदान से पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा। कहा, पहले चरण और दूसरे चरण के मतदान में सपा और गठबंधन का शतक लग चुका है। अब तीसरे और चौथे चरण के मतदान के बाद एक और शतक लगने वाला है, इसके बाद होने वाले मतदान में लोगों का आशीर्वाद मिलेगा। दो चरणों के मतदान में भारतीय जनता पार्टी अपनी हालत समझ चुकी है।
पहले चरण के मतदान के बाद भाजपा के नेता ठंडे पड़ गए हैं। दूसरे चरण के मतदान से सुन्न हो गए हैं। इसके बाद नतीजा शून्य ही रह जाएगा। अखिलेश ने खीरी हिंसा को भी मंच से आड़े हाथ लिया और कहा कि किसानों पर गाड़ी चढ़ाने वाले मंत्री पुत्र को जनता कभी माफ नहीं करेगी। करीब 40 मिनट के संबोधन में मुख्यमंत्री ने अपना पूरा वक्त भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधे रखा और पार्टी को झूठ का पुलिंदा बताया।
सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा के बूथों पर भूत नाचेंगे। कहने को भाजपा दुनिया की बड़ी पार्टी है, लेकिन मक्खी मारने वाला भी नहीं मिलेगा। आप सभी सपा को आठों विधानसभा जिताएं। अखिलेश ने परोक्ष रूप से प्रधानमंत्री को भी निशाने पर लिया। कहा बिजनौर के बाद लखीमपुर में भी हवाई जहाज नहीं उतरा। भाजपा का मौसम खराब है। भाजपा झूठ का पुलिंदा है। उसके छोटे नेता छोटा झूठ बोलते हैं, बड़े नेता बड़ा झूठ बोलते हैं और सबसे बड़ा नेता सफेद झूठ बोलता है। उन्होंने किसानों से भी पूछा कि भाजपा कहती है कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी, लेकिन क्या किसी किसान की आय दोगुनी हो पाई। किसानों को समय पर खाद नहीं मिली। बोरी में चोरी हो गई। अखिलेश ने महंगाई को लेकर बीजेपी पर तंज कसा।
कहा, कि भाजपा कहती थी कि हवाई चप्पल वाला भी हवाई जहाज में चलेगा, लेकिन पेट्रोल-डीजल के दाम इतने महंगे कर दिया कि अब नौजवान मोटरसाइकिल से भी नहीं चल पा रहा है। गरीबों के हक का पैसा अमीरों को देकर उनकी तिजोरी भरवाने का काम किया गया है। इससे लोगों में आक्रोश है। भाजपा का डोर टू डोर कैंपेन इसलिए बंद हुआ क्योंकि घरों में लोग भाजपा को खाली सिलिंडर दिखा रहे थे। अब भाजपा के नेता दूर-दूर रैलियां कर रहे हैं।
उन्होंने मंच पर मौजूद सपा नेता तेजेंद्र सिंह विर्क का जिक्र करते हुए खीरी हिंसा को भी मुद्दा बनाया। कहा कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे को जमानत मिल गई है। इन सब को यह अंदाजा हो गया है कि सपा की सरकार आ रही है और सब जमानत करा कर बाहर निकल रहे हैं। अखिलेश ने जमानत दिलवाने में कानूनी रूप से मदद करने वाले अधिकारियों का भी जिक्र किया। कहा कि सरकार बनने पर उन्हें सजा मिलेगी।
अखिलेश ने खीरी हिंसा को जलियांवाला बाग से जोड़ दिया। कहा कि आजाद भारत में मंत्री पुत्र द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे किसानों को कुचलने की कभी घटना सामने नहीं आई, लेकिन यहां अन्नदाता को ही कुचल दिया जा रहा है। किसान भाजपा को कभी माफ नहीं करेगा। मंत्री पुत्र को कोर्ट से जमानत मिल गई है, लेकिन अभी जनता की अदालत से जमानत नहीं मिली है।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि दिल्ली में किसानों के बड़े आंदोलन को उखाड़ने के लिए सरकार ने बहुत दबाव बनाया। लेकिन जब किसान पीछे नहीं हटे तो आखिर में पंजाब और उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए काला कानून वापस लेना पड़ा। अखिलेश ने लोगों को चेताने की कोशिश की और कहा कि यह कभी भी कोई कानून ला सकते हैं।