Today Breaking News

कांग्रेस के पूर्व प्रवक्‍ता थामेंगे BJP का झंडा, बोले- 'राष्‍ट्रवाद से प्रेरित होकर जा रहा हूं भाजपा में'

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. यूपी चुनाव में कांग्रेस की ओर से ताकत झोंकने के बाद भी पार्टी पदाधिकारियों का दूसरे दलों में जाने का क्रम बरकरार है। इस बार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्‍ता मधुकर पांडेय ने कांग्रेस को अलविदा कहते हुए भाजपा से जुड़ने की बात कह कर वाराणसी और पूर्वांचल ही नहीं बल्कि प्रदेश भर में कांग्रेस को चौंका दिया है। इस बाबत शैलेंद्र किशोर पांडेय उर्फ मधुकर पांडेय ने कांग्रेस से दूरी बनाने की वजह राष्‍ट्रवाद को बता कर भाजपा से जुड़ने की जानकारी साझा की है। इस बाबत उन्‍होंने बताया कि भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में लक्ष्‍मीकांत वाजपेयी की मौजूदगी में वह भाजपा से जुड़ने जा रहे हैं।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता मधुकर पाण्डेय लंबे समय से कांग्रेस के साथ जुड़े रहे हैं। पूर्वांचल और वाराणसी में कांग्रेस का वह अ‍हम चेहरा भी हुआ करते थे। अब वह कांग्रेस के हाथ को छोड़कर भाजपा का झंडा, भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में लक्ष्मीकांत वाजपेयी की मौजूदगी में थामने जा रहे हैं। वर्ष 1990 में छात्र जीवन से राजनीति की शुरुआत करने वाले मधुकर पांडेय वर्ष 1992 में बीएचयू नगर निकाय छात्रसंघ के अध्यक्ष बने थे। उसके बाद राष्ट्रीय छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष 1993 में बने। वर्ष 1995 में राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश महासचिव से लेकर उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष, आल इंडिया युवक के पीआरओ और बिहार के चुनाव प्रभारी कांग्रेस की ओर से रह चुके हैं।

इसके अलावा महाराष्ट्र, झारखंड के प्रभारी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तीन बार रहे हैं। 2014 में एमएलसी का चुनाव तथा 2017 में नगर पालिका परिषद रामनगर का चुनाव कांग्रेस पार्टी से लड़े लेकिन चुनाव हार गये थे। शैलेंद्र किशोर पाण्डेय उर्फ मधुकर पाण्डेय ने बताया कि राष्ट्रवाद से प्रेरित होकर वह भाजपा में जा रहे हैं। इस बाबत उन्‍होंने शनिवार को जागरण से बातचीत करते हुए अपनी आगे की रणनीति के बारे में भी विचार साझा किया है। 

 
 '