Today Breaking News

Ghazipur News : किसान कल्याण केंद्र के निर्माण के लिए भूमि की पैमाइश

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य पूरा करने के लिए शासन की ओर से इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। किसानों को प्रगतिशील की श्रेणी में लाने के लिए ढांचागत सुविधाएं बनाई जा रही हैं। इसी के तहत अब कासिमाबाद ब्लाक की ग्राम पंचायत विशुनपुर में किसान कल्याण केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए राजस्व विभाग व कृषि विभाग की टीम ने बुधवार को विशुनपुर जमीन की पैमाइश की, लेकिन एक किसान द्वारा आपत्ति की गई। क्षेत्रीय लेखपाल वरुण मौर्या ने बताया कि अब गुरुवार को सीमा पर गड़े पत्थर से पैमाइश की जाएगी।

किसान कल्याण केंद्र बनने के बाद किसानों को खेती किसानी के लिए बीज, दवा आदि की सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी। इतना ही नहीं किसानों को उनके क्षेत्र में ही बनने वाले किसान कल्याण केंद्र पर ही उन्नतशील खेती-किसानी के तरीके भी बताए जाएंगे। इसके लिए केंद्र में ही हाल भी बनाया जाएगा। इसके निर्माण में 80 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। सहायक विकास अधिकारी कृषि उदयभान मौर्य ने बताया कि किसान कल्याण केंद्र के भवन में एक बड़ा मीटिग हाल बनाया जाएगा। 

इस हाल के बनने से शासन की ओर से संचालित योजनाओं व कार्यक्रम को संचालित करने के लिए विभाग के कर्मचारियों को टिप्स देने के साथ ही किसानों को उन्नतशील खेती की नई तकनीक की जानकारी होगी। यहां कर्मचारियों व किसानों को नई तकनीक की जानकारी देने में मदद मिलेगी। इससे कर्मचारियों व किसानों को बार-बार एक काम के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना होगा। केंद्र बनने से किसानों के समय, श्रम व आने-जाने के व्यय की भी बचत होगी। उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम के अवर अभियंता रोहित मौर्या, तकनीकी सहायक प्रबंधक अरविद कुमार यादव सहित राजस्व विभाग व कृषि विभाग की टीम मौजूद रही।

 
 '