Today Breaking News

मऊ में रोडवेज की टक्कर से पलटी धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक की मौत, एक घायल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ जिले में बुधवार तड़के रोडवेज बस की टक्कर से धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा घोसी- मधुबन मार्ग पर चौथी मिल के पास हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। ट्रैक्टर चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर आवागमन बहाल कर दिया गया है। जानकारी अनुसार आकोल्हि मुबारकपुर निवासी बृजेश यादव पुत्र रामप्यारे यादव बुधवार तड़के अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर धान लाद कर घोसी नगर स्थित क्रयकेन्द्र जा रहा था।

ननिहाल में रहता था किशोर

घोसी- मधुबन मार्ग पर चौथी मिल के पास सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रैक्टर पलट गई। चालक बृजेश के साथ उस पर बैठा किशोर नितेश पटेल (14) पुत्र स्व रामशब्द दब गया। मौके पर ही नितेश की मौत हो गई। वहीं चालक बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे कोतवाल नागेश उपाध्याय ने ग्रामीणों की मदद से घायल बृजेश को अस्पताल भिजवाया। हादसे में मृत किशोर का आकोल्हि मुबारकपुर में ननिहाल था। उसकी मौत की सूचना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।

 
 '