बाइक समेत नहर में गिरने से सेना के जवान सुनील यादव की मौत, दिवाली पर आया था घर
गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. दीपावली पर घर आए सेना के जवान की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के नेहता गांव निवासी सेना के जवान सुनील यादव (32) पुत्र दीनानाथ चौधरी दीपावली पर छुट्टी लेकर गांव आए थे। शुक्रवार शाम वे बाइक से सिकंदरपुर जाने की बात कह कर घर से निकले। काफी देर बाद घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों से खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
इस बीच शनिवार तड़के टहलने निकले कुछ लोगों की नजर सिवान कला गेट के सामने नहर में पड़ी बाइक पर पड़ी। अनहोनी की आशंका में मौके पर भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग बाइक को निकालने के लिए नहर में उतरे तो देखा कि उसके नीचे सुनील का शव दबा पड़ा है। बाइक और शव को बाहर निकाला गया। सूचना परिजनों को दी गई।
गांव में पसरा मातम
सुनील का शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों में चित्कार मच गया। सुनील की पत्नी रजनी, पुत्री सृष्टि (8) और पुत्र रौनक (5) के साथ सुखपुरा थाना क्षेत्र के भलुहीं अपने मायके में हैं। परिजनों ने बताया कि पटियाला (पंजाब) में कार्यरत सुनील एक नवंबर को ही छुट्टी लेकर घर आए थे।