शिवपाल ने कसा तंज, कहा- भतीजे को बहुमत से ज्यादा सीटें मिल रहीं तो हमारी क्या जरूरत
गाजीपुर न्यूज़ टीम, फर्रुखाबाद. प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भतीजे व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर तंज कसा। वह बोले- उन्हें तो बहुमत से अधिक सीटें मिल रही हैं तो उन्हें हमारी क्या जरूरत है। हम तो 2022 का विधानसभा चुनाव छोटे दलों के साथ मिलकर लड़ेंगे। वह अपनी रथयात्रा में मुलायम सिंह यादव का फोटो लगाकर चल रहे हैैं।
जनपद के बिलहा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में आए शिवपाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार में कोई वादा पूरा नहीं किया गया है। न काला धन वापस आया और न ही भ्रष्टाचार खत्म हुआ। आय भी दोगुनी नहीं हुई। हमने सपा समेत सभी विपक्षी दलों से कहा कि एकजुट होकर भाजपा से लडि़ए, लेकिन उन्हें तो बहुमत से अधिक सीटें मिल रही हैं, उन्हें हमारी जरूरत नहीं है। 2022 के चुनाव में प्रसपा के बगैर किसी की सरकार नहीं बनेगी।
उन्होंने कहा कि आगामी सरकार में हमारी भागीदारी जरूर होगी। सरकार में आने पर प्रत्येक परिवार के एक युवक को नौकरी देंगे। 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। भाजपा के अधूरे वादों को हम पूरा करेंगे। उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि पर हैरानी जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में पूंजीपतियों को लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि किसान विरोधी कानूनों को समाप्त किया जाना चाहिए। इस मौके पर उन्होंने महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्चना राठौर को भोजपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाने की घोषणा भी की।
ब्राह्मणों का उत्पीडऩ बढ़ा : उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में ब्राह्मणों का उत्पीडऩ बढ़ा है। सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। इसीलिए मैनपुरी जेल में बंद बसपा नेता डा.अनुपम दुबे, विधायक विजय मिश्र व एमएलसी कमलेश पाठक से पिछले दिनों मिले थे।