यूपी पुलिस से बोलीं प्रियंका गांधी- वारंट ले आओ, ऑर्डर निकलो, मैं यहां से नहीं हिल रही
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. लखीमपुर खीरी जाते समय प्रियंका गांधी को सीतापुर पुलिस ने रोक लिया और पीएसी परिसर लाया गया है। इन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए नजरबंद कर लिया गया है। पीएसी परिसर से बाहर निकालने के लिए पीएसी जवानों और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और उनके समर्थकों के बीच काफी नोंकझोक भी हुई है।
इस दौरान एक वीडियो में प्रियंका गांधी और पुलिस वालों के बीच तीखी नोंकझोक दिख रही है। प्रियंका पुलिस वालों से कहती हैं कि महिला से बात करना सीखो। तुम मुझे धकेला नहीं सकते। जाओ अफसरों से वारंट ले आओ, ऑर्डर निकलो नहीं तो मैं यहां से नहीं हिल रही हूं और अगर आप मुझे उस कार में डाल देंगे तो मैं आप पर अपहरण का आरोप लगाऊंगी।
कांग्रेस पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी अपने पार्टी पदाधिकारियों के साथ किसानों से मिलने लखीमपुर खीरी जा रही थीं। सोमवार तड़के सीतापुर में हरगांव के करीब उन्हें रोक लिया गया। काफी मशक्कत के बाद सीओ सिटी पीयूष सिंह द्वारा भारी पुलिस बल के साथ प्रियंका गांधी के काफिले को वापस सीतापुर लाया गया, जहां उन्हें नजरबंद कर दिया गया।
पीएसी गेट के बाहर जिला पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद हो गए। पीछे से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू, जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी व काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंच गए। प्रियंका गांधी को बाहर निकालने के लिए नारेबाजी की और अंदर जाने का प्रयास किया, इस दौरान पीएसी जवानों और कांग्रेस समर्थकों में नोंकझोक भी हुई। नारेबाजी भी की गई।