प्रमोशन की दौड़ में गश खाकर गिरे चालक की मौत, लखनऊ के PAC ग्राउंड में चल रहा था फिजिकल टेस्ट
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. महानगर पीएसी ग्राउंड में शनिवार सुबह फायर विभाग में चालकों के सेकेंड आफिसर पद पर पदोन्नति (प्रमोशन) के लिए दौड़ का आयोजन किया गया था। दौड़ लगाते समय प्रयागराज फायर स्टेशन, नैनी से आए चालक मोहन राम (56) गश खाकर गिर गए। आसपास मौजूद लोग उन्हें लेकर अस्पताल भागे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर विभागीय अधिकारी व परिवारीजन मौके पर पहुंचे।
एफएसओ हजरतगंज राम कुमार रावत ने बताया कि पीएसी ग्राउंड में आयोजित दौड़ में विभिन्न जनपदों से कुल 19 चालक प्रतिभाग करने आए थे। वह 3200 मीटर दौड़ में शामिल हुए। ग्राउंड के आठ चक्कर लगाने थे। मोहन राम छठे चक्कर में गश खाकर गिर गए। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी एफएसओ नैनी लालजी गुप्ता को दी गई। सूचना मिलते ही परिवारजन और एफएसओ पहुंचे। मोहन राम, मूल रूप से गाजीपुर के सैदपुर के रहने वाले थे।
बेटा बोला, फरवरी में भर्ती रहे थे पिता : मोहन राम के बेटे संदीप ने बताया कि पिता को लंबे समय से हृदय रोग था। फरवरी में उन्हें अटैक पड़ा था। वह 20 फरवरी को अस्पताल में करीब एक हफ्ते भर्ती रहे थे। परिवार में मां अमरावती देवी, भाई मनोज कुमार और अजीत हैं। परिवारजन ने किसी भी आरोप से इन्कार किया है।