बनारस में बोले ओमप्रकाश राजभर - '5 साल में अनेक जातियों के 5 मुख्यमंत्री और 20 डिप्टी सीएम बनाएंगे'
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार महंगाई नियंत्रण करने में विफल साबित हो रही है। पेट्रोल, डीजल, दाल व सरसों के तेल के दाम आसमान छू रहे है। प्रदेश में आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार बनेगी। जिसमे पांच वर्षों में अनेक जातियों के पांच मुख्यमंत्री व 20 डिप्टी सीएम बनेंगे।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उक्त बातें सोमवार को सारनाथ स्थित वन विभाग के अतिथि आवास गृह में आगामी 2022 के चुनाव की तैयारी को लेकर शिवपुर व अजगरा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पर उंगली उठाते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल है। जो व्यक्ति इनका समर्थन नहीं करता है, उनके खिलाफ मुकदमा लिखकर तानाशाही रवैया अपना रहे हैं।
राजभर ने कहा कि प्रदेश में भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार बनने पर घरेलू बिजली बिल माफ, गरीबों का निःशुल्क इलाज, सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने, सामान्य शिक्षा, अनिवार्य शिक्षा व मुफ्त शिक्षा नीति लागू किया जाएगा। एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पिछले चार साल में तीन मुख्यमंत्री बने हैं। भाजपा-बसपा में छह-छह महीने के लिए मुख्यमंत्री बनने का समझौता हुआ था। कहा कि संकल्प मोर्चा में 10 पार्टियां हैं। आपस में अंतरकलह पैदा न हो, इसके लिए तय किया गया कि भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार में पांच साल में पांच सीएम व 20 डिप्टी सीएम बनेंगे।
69 हजार शिक्षकों की भर्ती को पूरी नहीं कर सकी वर्तमान सरकार, अधिकार मांगने पर लखनऊ में शिक्षकों की पुलिस से पिटाई करवा दे रही है। इस मौके पर राजनीति गलियारे में कायस्थ समाज अपनी भागीदारी को बजबूत बनाने के लिए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, ज़िला उपाध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, सुधांशु सक्सेना अन्य पदाधिकारी ओम प्रकाश राजभर से मिले। जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि हमारी सरकार बनने पर अवश्य लाभ मिलेगा। इस दौरान महानगर प्रभारी जागेश्वर राजभर, प्रदेश उपाध्यक्ष शिव लाल यादव, जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार मौर्य, सुनील पटेल अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।