Today Breaking News

मुख्तार अंसारी की पत्नी को सता रहा गाड़ी पलटने का डर!, राष्ट्रपति को लिखा 14 पन्नों का पत्र

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की हत्या का डर उसकी पत्नी अफशां को एक बार फिर से सताने लगा है। उन्होंने अपने पति की सुरक्षा के लिए कुल 14 पन्नों का राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द को पत्र लिखा है। इसमें मुख्तार अंसारी के पंजाब की रोपड़ जेल में बंद होने और उच्चतम न्यायालय द्वारा गत 26 मार्च को अपने आदेश में उन्हें रोपड़ जेल से दो सप्ताह के अंदर उत्तर प्रदेश में भेजने के आदेश का जिक्र है। अफशां ने पंजाब से उत्तर प्रदेश लाने के दौरान उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का आदेश देने की गुहार लगाई है। इसकी पुष्टि मुख्तार के बड़े भाई व सांसद अफजाल अंसारी ने भी मीडिया से बातचीत में की।

अफशां ने अपने पत्र में लिखा है कि उनके पति एक मामले में चश्मदीद गवाह हैं, जिसमें भाजपा के विधान परिषद सदस्य माफिया बृजेश सिंह और त्रिभुवन सिंह अभियुक्त हैं। आरोप लगाया है कि यह दोनों सरकारी तंत्र की कथित मिलीभगत से अंसारी को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, लिहाजा इस बात का खतरा महसूस हो रहा है कि पंजाब की जेल से बांदा लाए जाते वक्त रास्ते में फर्जी मुठभेड़ की आड़ में मुख्तार अंसारी की हत्या की जा सकती है। प्रदेश सरकार के कुछ अधिकारियों के पूर्व में किए गए क्रियाकलापों से मेरा परिवार भयभीत है। 

ये भी पढ़े: पंचायत चुनाव में उतरने की गजब की बेताबी, ब्रह्मचारी रहने का प्रण लेने वाले ने बिना मुहूर्त रचाई शादी

अफशां को डर है कि पति के जीवन की सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी तय किए बगैर उन्हें उत्तर प्रदेश भेजा गया तो कोई झूठी कहानी रच कर मेरे पति की हत्या करा दी जाएगी। इसलिए उन्होंने राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द से गुजारिश की है कि उनके पति को उत्तर प्रदेश ले आते समय लाइफ प्रोटेक्शन का आदेश दें। 

ये भी पढ़े: मुख्तार अंसारी डंके की चोट पर आएगा, उसका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता - अफजाल अंसारी

उन्होंने कहा है कि अन्य विचाराधीन बंदियों की तरह उनके पति को भी कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण अदालत में खुद पेश होने से छूट दी गई है और वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी कराई जा रही है। अफशां ने गुहार लगाई है कि अगर किसी मामले में उन्हें अदालत में पेश करना बहुत जरूरी हो तो राष्ट्रपति सरकार को केंद्रीय रिजर्व सुरक्षा बल के दस्ते के साथ जेल से अदालत और अदालत से वापस जेल तक सुरक्षित भेजने के प्रबंध का आदेश दें।


मुख्यमंत्री के बयान का भी किया है जिक्र

अफशां ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह , भाजपा विधायक सुशील कुमार सिंह , विजय राजभर, मुख्यमंत्री मीडिया एडवाइजर शलभमणि त्रिपाठी, भाजपा नेता अफताब आडवानी के बयानों का भी जिक्र किया है। कहा है कि ऐसे बयानों से हमारा पूरा परिवार भयभीत है। आरोप लगाया है कि यह सब प्रदेश की भाजपा सरकार के सह पर हो रहा है।

ये भी पढ़े: मुख्तार अंसारी की घर वापसी में देर!, रोपड़ जेल जाने से पहले बोला बाहुबली -मुझे फंसाया गया

 
 '