Today Breaking News

मार्च में हुआ मई-जून में चलने वाली लू का अहसास, राजधानी का पारा 41 डिग्री के पार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. होली के दूसरे दिन मंगलवार को लोग धूल भरी आंधी और गर्मी से परेशान रहे। तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया। मार्च महीने में इतनी गर्मी पांच साल बाद पड़ी है। इससे पहले वर्ष 2017 में आज के ही दिन यानी 30 मार्च को पारा 41.1 डिग्री पहुंच गया था। हालांकि मौसम विभाग ने दो दिन बाद राहत की उम्मीद जताई है। 

दोपहर में चली तेज हवाओं के कारण लोगों को मई-जून में चलने वाली लू का अहसास हुआ। सड़क पर चलने वालों को काफी मुश्किल हुई। लोगों को चेहरा ढकने को मजबूर होना पड़ा। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि हवा के दबाव में उतार-चढ़ाव के कारण हवाएं तेज चली हैं। यह स्थिति अभी दो दिन तक बनी रहेगी। लेकिन इसके बाद हवाएं शांत हो जाएंगी। इसी के साथ तापमान में कमी होने की उम्मीद है।


चार दिन में सात डिग्री चढ़ा पारा

दिन का पारा पिछले चार दिनों में सात डिग्री चढ़ गया। अधिकतम तापमान 26 मार्च को 33.1 डिग्री रिकार्ड हुआ था जो मंगलवार को बढ़कर 40.4 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से पांच डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। वहीं रात भी अब गरम होने लगी है। 26 मार्च को न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री था जो बढ़कर मंगलवार को 20.2 डिग्री हो गया। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। दिन व रात का तापमान बढ़ने से लोगों को घरों व दफ्तरों में एसी व कूलर चलाना पड़ रहा है। हालांकि कुछ लोग कोरोना के डर से एसी चलाने से परहेज कर रहे हैं।

 
 '