बड़े बेटे से विवाद के बाद मां ने छोटे को तालाब में डुबोया, फिर खुद भी पानी में लगा दी छलांग
गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जमीन हरखोरी गांव के पास ताल सलोना में रविवार की दोपहर 40 वर्षीया महिला अपने आठ वर्षीय बेटे को ताल में डुबो कर हत्या कर दी। इसके बाद वह भी गहरे पानी में कूद गई। घटना को देख रहे गांव के लोगों ने महिला को बचा लिया। मंडलीय अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। जीयनपुर के अतरकक्षा बरडीहा गांव निवासी 40 वर्षीया तरन्नुम पत्नी फिरोज परिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर आठ वर्षीय पुत्र फैजुल्लाह के साथ सुबह आठ बजे घर से निकल गई थी। दोपहर में वह घर से करीब तीन किलोमीटर दूर जमीन हरखोरी गांव के ताल में पहुंची।
स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला ने पहले बच्चे को ताल में डूबो दिया। इसके बाद खुद गहरे पानी में चली गई। लोग बचाने के लिए ताल में पहुंचे। दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। बच्चे की मौत हो चुकी थी। महिला अचेत थी। महिला को सीएचसी आजमगढ़ में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने महिला को रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल में महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला को तीन पुत्र बड़ा बेटा अरमान 18 वर्ष व दूसरा नोमान 15 साल का है। पति मुंबई में रहता है। जीयनपुर कोतवाली प्रभारी हेमंत सिंह ने बताया कि बड़े बेटे से विवाद के बाद महिला घर से निकल गई थी। पुलिस गांव में जाकर जांच पड़ताल कर रही है।