बलिया में बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को मारी टक्कर, पत्थर बरसाने के बाद फरार
गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. फेफना थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में शु्क्रवार को आधी रात आधा दर्जन लुटेरों ने गृह स्वामी को बंधक बना लिया। उन्हें खूब मारा-पीटा गया। उनकी आठ बकरी भी लूट गये। सूचना पर पहुंची पुलिस से उनकी हल्की मुठभेड़ हुई। बदमाशों ने पुलिस वैन को टक्कर मार दी और जाते हुए दारोगा व सिपाहियों पर पत्थर पर फेंके। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। पुलिस जांच कर रही है।
बता दें कि फेफना कस्बे के गड़वार रोड पर स्थित श्याम बिहारी राम के मकान में पिक अप वाहन से आधा दर्जन बदमाश पहुंचे। उस समय श्याम बिहारी किसी कार्यक्रम में गये हुए थे। घर पर उनका पुत्र हरेंद्र कुमार भारती और अठिलापुर रसडा निवासी दिवाकर पुत्र छेदी लाल मौजूद थे। बदमाश मकान में घुसने लगे। मना करने पर वह उन पर ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसी बीच पुलिस वैन पहुंच गई। बदमाश पिकअप से भागने लगे। पुलिस ने हरेंद्र को साथ लेकर उनका पीछा किया।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस वैन पर ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसके बाद वाहन बैक करके पुलिस वैन में जोरदार टक्कर मारी और वे फरार हो गये। इसके बाद बदमाश सिंहपुर गांव में पहुंचे। वहां बदमाशों ने गृह स्वामी मुल्तान को बंधक बना लिया और आठ बकरी लूट ले गए। मुल्तान की जमकर पिटाई भी की। उसकी पत्नी खातून ने बदमाशों के हाथ-पैर जोड़े। किसी तरह से उसकी जान बची। दोनों मामलों की तहरीर पीड़ितों ने फेफना थाने में दी है, लेकिन पुलिस मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई में जुट गई है।