Today Breaking News

सस्ते होंगे आवास विकास के फ्लैट, जानिए कितनी कम होगी कीमत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. प्रदेश के लोगों को लखनऊ से लेकर गाजियाबाद तक में सस्ते फ्लैट खरीदने का मौका मिलेगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद अपने रिक्त फ्लैटों की कीमतें कम करने जा रहा है। 25% तक कीमतें कम होंगी। बुधवार को आवास विकास परिषद की बोर्ड बैठक में इस पर मुहर लगने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद के प्रदेश भर में कुल 10, 556 फ्लैट रिक्त हैं। फ्लैटों के न बिक पाने की वजह से परिषद की बड़ी रकम फंसी हुई है। इससे परिषद का विकास प्रभावित हो रहा है।

पैसा फंसा होने से उसे नयी आवासीय योजनाओं के लिए जमीन लेने में दिक्कतें आ रही हैं। अब आवास विकास परिषद ने इनकी कीमतें कम कर इन्हें बेचने की तैयारी की है। इससे एक तरफ जहां लोगों को सस्ते मकान मिल जाएंगे वहीं दूसरी तरफ परिषद की फसी हुई रकम भी वापस मिल जाएगी। फ्लैट की कीमतें 25% तक कम हो जाएंगी। परिषद ने पहले इसे बोर्ड से बाई सर्कुलेशन पास कराने की कोशित की थी। लेकिन बात नहीं बन पायी। अब इसे बोर्ड में रखा जाएगा। हालांकि इसे मुख्य एजेंडे में नहीं शामिल किया गया है। इसे अलग से बोर्ड के समक्ष मंजूरी के लिए रखा जाएगा।


70 लाख का फ्लैट 52.50 लाख में मिलेगा

आवास विकास परिषद के बोर्ड से प्रस्ताव पास हुआ तो 70 लाख रुपए का फ्लैट लोगों को 52.50 लाख रुपए में मिलेगा। 25 प्रतिशत की पूरी छूट होने पर लोगों को 17.50 लाख रुपए की छूट मिलेगी।


कीमतें ज्यादा होने की वजह से नहीं बिक रहे थे फ्लैट

आवास विकास परिषद के फ्लैटों की कीमतें ज्यादा हैं। इसी वजह से लोग इन्हें खरीदने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। लेकिन अब कीमतें कम होने के बाद फ्लैटों के खरीदार बढ़ जाएंगे। अभी आवास विकास परिषद के जो फ्लैट बनकर तैयार हैं वह खड़े-खड़े खंडहर हो रहे हैं। इससे परिषद को भी फायदा होगा और खरीदारों को भी।


आवास विकास के कहां कितने फ्लैट हैं खाली

योजना का नाम                                                     रिक्त फ्लैटों की संख्या

लखनऊ अवध विहार योजना                                            1452

लखनऊ राजाजीपुरम मुन्नू खेड़ा योजना                                 418

लखनऊ वृंदावन योजना 1,3,4 में                                       1319

अम्रपाली योजना लखनऊ                                                  500

मंडोला व सिद्धार्थ विहार योजना गाजियाबाद                        4866

जागृति विहार एक्सटेंशन योजना मेरठ                                 1498

सिकंदरा योजना आगरा                                                     74

कानपुर गंगा एनक्लेव व ब्रह्मा अपार्टमेंट योजना                       299

लोहरामऊ योजना सुलतानपुर                                              36

मझोला योजना मुरादाबाद                                                  98


उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की उप आवास आयुक्त नीलम ने बताया, आवास विकास परिषद में कुल 10,556 फ्लैट खाली हैं। इनकी कीमतें कम करने का प्रस्ताव तैयार हुआ है। बुधवार को बोर्ड बैठक में कीमतें कम करने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। आवास विकास परिषद के फ्लैट काफी अच्छे बने हैं।

 
 '