Today Breaking News

Ghazipur: नए आरक्षण फार्मूले से पंचायत चुनाव में 40 फीसद बदलाव संभव - जिला पंचायत राज अधिकारी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पंचायत चुनाव के आरक्षण पर हाईकोर्ट द्वारा रोक लगाने के साथ ही वर्ष 2015 को आधार मानकर आरक्षण निर्धारण का आदेश देने से जिले में 40 फीसद तक गांव, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, ब्लाक प्रमुख के पदों पर आरक्षण बदल सकता है। 

अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो चुके कई बड़े गांव अब अनारक्षित या अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हो सकते हैं। हालांकि शासन की ओर से अभी तक कोई विस्तृत दिशा-निर्देश नहीं आया है, जिसका जिला प्रशासन स्तर पर इंतजार किया जा रहा है। हाईकोर्ट द्वारा जारी की गई नई व्यवस्था के तहत जो दावेदार आरक्षण व्यवस्था के अनुकूल न होने के कारण मैदान से बाहर हो गए थे, उनकी गांवों में सक्रियता फिर से बढ़ गई है। वहीं जिन्होंने अपनी तैयारी तेज कर दी थी, उनकी न सिर्फ चिता बढ़ गई है, बल्कि तैयारी भी प्रभावित हो गई है। ऊहापोह के बीच कयासों का बाजार गर्म है।


अब ऐसा हो सकता है आरक्षण

इससे पहले शासन द्वारा वर्ष 1995 को आधार वर्ष मानकर आरक्षण के चक्रानुक्रम की व्यवस्था के तहत आरक्षण का निर्धारण किया गया था। अब 2015 को आधार वर्ष मानकर फिर से आरक्षण किया जाएगा, जिसमें जनसंख्या के साथ-साथ चक्रानुक्रम का भी ध्यान रखना होगा। यानी जो जिस सीट जिस वर्ग के लिए पहले आरक्षित थी, उसमें चक्रानुक्रम के तहत बदलाव होगा। जानकारी के अनुसार आरक्षण का क्रम अनुसूचित जनजाति महिला-अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति महिला-अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग महिला-पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित महिला-अनारक्षित रहेगा।


हाईकोर्ट द्वारा जारी की गई नई व्यवस्था के 30 से 40 फीसद तक आरक्षण में बदलाव हो सकता हैं। हालांकि अभी तक कोई नई गाइडलाइन नहीं आई है। इसके प्राप्त होने पर ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।-रमेशचंद उपाध्याय, जिला पंचायत राज अधिकारी।


जिला पंचायत सदस्य के आरक्षित पदों की संख्या :


कुल सीट : 67

  • अनुसूचित जाति महिला : 6
  • अनुसूचित जाति : 9
  • पिछड़ा वर्ग महिला : 6
  • पिछड़ा वर्ग : 12
  • महिला : 12
  • अनारक्षित : 22


ब्लाक प्रमुख आरक्षित पदों की संख्या :

  • विकासखंड : 16
  • अनुसूचित जाति : 2
  • अनुसूचित जाति महिला : 1
  • पिछड़ा वर्ग : 3
  • पिछड़ा वर्ग महिला : 2
  • महिला : 3
  • अनारक्षित : 5


ग्राम प्रधान के लिए आरक्षित पदों की संख्या :

कुल ग्राम पंचायत : 1238

  • सामान्य : 414
  • सामान्य महिला : 199
  • पिछड़ वर्ग : 224
  • पिछड़ा वर्ग महिला : 117
  • अनुसूचित जाति : 164
  • अनुसूचित जाति महिला : 90
  • अनुसूचित जनजाति : 17
  • अनुसूचित जनजाति महिला : 13

 
 '