Today Breaking News

आजमगढ़ में सिरफिरे सेवानिवृत्त फौजी ने गाय को मारी गोली, पुलिस ने गिरफ्तार कर लाइसेंसी बंदूक बरामद की

गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. सिरफिरे सेवानिवृत्त फौजी की करतूत ने लोगों को कंपा दिया। उसने गाय को खेत में चरते देख इस कदर आपा खो दिया कि उसे गोली मार दी। दिल दहला देने वाली घटना की भनक लगते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जीयनपुर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर बंदूक को बरामद कर लिया है। घटना की चर्चा इलाके में पूरे दिन सुर्खियों में बनी रही।

देवपुर कमालपुर गांव निवासी सेवानिवृत फौजी छुन्नू लाल पुत्र हरिश्चंद्र लाल मऊ जिले के खुरहट रेलवे पर सुरक्षा गार्ड (अस्थाई) के पद पर तैनात है। वह गुरुवार की सुबह लगभग नौ बजे अपने गेहूं के खेत की रखवाली करने गया था। वहां एक बेसहारा गाय चर रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि गाय को फसल चरते देख फौजी चीख पड़ा। उसने अपनी एक नाली लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली लगते ही गाय खेत में ही ढेर हो गई। गाय को मार डालने की खबर से इलाकाई लोग आपा खो बैठे। किसी ने पुलिस को इत्तला दी तो जीयनपुर कोतवाल नंद कुमार तिवारी मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक कब्जे में ले लिया। उसके बाद पशु चिकित्सा अधिकारी डाक्टर डीआर मौर्य को बुलाकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने निकट स्थित एक भूमि पर शव को दफना दिया। पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम एवं 30 आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्जकर लिया है। 

'