पति को पाने की चाहत में आज करवाचौथ के दिन ससुराल की चौखट पर विवाहिता का धरना
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में करवाचौथ के दिन ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें पत्नी अपने पति के प्रेम में दीवानी हो गई है। पत्नी अपने ससुराल में ही धरने पर बैठी है। वह दरवाजे की चौखट पर बैठकर पति का इंतजार कर रही है। ठंड में उसने रात भी दरवाजे पर बिताई है।
उसका कहना है कि वह अपनी ससुराल में है। उसे मायके से नहीं बल्कि उसके पति से मतलब है। मामला चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जानकारी के अनुसार, चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक की शादी 2016 में सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज की एक युवती से हुई थी। दोनों पक्षों ने धूमधाम से शादी की। ससुराल में छह महीने गुजारने के बाद युवक अपनी पत्नी के साथ दिल्ली कमाने चला गया।
वहीं पर वह अपनी पत्नी के साथ रहने लगा। कुछ दिन बीतने के बाद दोनों में मनमुटाव शुरू हो गया और युवक पत्नी को उसके मायके छोड़ आया। काफी दिन बीतने के बाद मायके पक्ष वालों ने अपनी पुत्री को लेकर चिंता भी जाहिर की। इधर ससुराल पक्ष के लोगों ने न्यायालय में तलाक के लिए अर्जी दी, जिस पर काफी विवाद शुरू हो गया।
विवाहिता और उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने चोलापुर थाने में मंगलवार को पंचायत की। जहां युवती ने ससुराल पक्ष के लोगों से कहा कि वह अपने मायके नहीं जाएगी और न ही उसे दूसरी शादी करनी है। उधर पति और ससुराल के पक्ष विवाहिता को रखने को तैयार नहीं हुए। काफी देर पंचायत के बाद विवाहिता भी अपने पति और घर पर रहने की जिद पर अड़ गई।
विवाहिता अपनी ससुराल पहुंची, जब उसने घर के अंदर जाने का प्रयास किया। ससुराल के लोगों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया। इसके बाद घर के बाहर चौखट पर ही बैठकर अपने पति का इंतजार करने लगी। सूचना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।
काफी मनाने के बाद महिला ने कहा कि वह अपने पति को देखना चाहती है। वह ससुराल में रहना चाहती है। काफी देर बाद तक मनाने पर विवाहिता नहीं मानी तो पुलिस वापस चली गई। महिला ने मंगलवार की रात भी ससुराल के बाहर ही गुजारी है।
चोलापुर पुलिस का कहना है कि विवाहिता अपने पति के साथ रहना चाह रही है। वह दूसरी शादी नहीं करना चाह रही है। दोनों पक्ष की ओर न्यायालय में मुकदमा है। पंचायत के बाद पति, पत्नी को रखने को तैयार नहीं है। पत्नी भी पति के साथ रहने पर आमदा है। विवाहिता पति के घर के बाहर बैठी है।