Today Breaking News

सपा प्रदेश अध्‍यक्ष बोले-उपचुनाव में प्रशासनिक मिलीभगत से जीती भाजपा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी अवधेश यादव को जिताने के लिए मंगलवार को हुई समाजवादी पार्टी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कार्यकर्ताओं को सहेजा। उन्‍होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हाल में हुए उपचुनाव को धोखाधड़ी और प्रशासन की मिलीभगत से जीता जबकि समाजवादी पार्टी को जनता का समर्थन मिला। 

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने शहर के सत्यम लान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में सब बेहाल हैं। सड़कें टूटी हुई हैं। किसान परेशान हैं। धान की खरीदारी नहीं हो रही है। गन्ना किसानों को पेमेंट नहीं हो रहा है। भाजपा सरकार ने पिछले 4 सालों में एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं किया है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है। समाज में नफरत की राजनीति को समाजवादी पार्टी किसी कीमत पर पसंद नहीं करेगी। 


उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कार्य व्यवहार, स्वभाव व सपा की नीतियों व विचारधारा से प्रभावित होकर सत्ता में बैठी भाजपा को नकार कर लोग सपा में शामिल हो रहे हैं। सपा सच्चाई व ईमानदारी पर भरोसा करती है। सपा बाबा साहब के संविधान पर भरोसा करती है। सपा भारत में आर्थिक गैर बराबरी को समाप्त करने के लिए पुनः प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के बड़े ओहदे में बैठने वाले लोग केवल गलत बयानी करते हैं। उत्तर प्रदेश को सोने की चिड़िया बनाने की बात कहने वाले लोगों ने विकास को अवरुद्ध कर दिया है। उन्होंने कहा कि सपा जो कहती है वह करती है। सपा की तरह सभी लोग आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। लोग वर्ष 2022 में सपा की सरकार बनाने के लिए तैयार बैठे हैं। इस दौरान सपा प्रत्याशी अवधेश यादव ने मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी और संचालन जियाउल इस्लाम नेे किया।

 
 '